- Hindi News
- राष्ट्रीय
- पुणे: शादी के चक्कर में 'फर्जी सिपाही'! लड़की मिल जाए इसलिए युवक ने छपवा दिए पुलिस में भर्ती होने के...
पुणे: शादी के चक्कर में 'फर्जी सिपाही'! लड़की मिल जाए इसलिए युवक ने छपवा दिए पुलिस में भर्ती होने के पोस्टर
पुणे के पिंपरी चिंचवड से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां, एक युवक ने सिर्फ शादी करने के लिए, खुद के पुलिस बल में भर्ती होने का झूठा दावा किया और पूरे इलाके में पोस्टर भी लगवा दिए। इस मामले में तत्परता से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस विभाग के अधिकारी संभाजी कदम ने बताया कि, ‘ऋषिकेश जाधव नाम का एक युवक स्थानीय पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में रहता है। ऋषिकेश ने हाल ही में इलाके में कई बड़े बैनर और पोस्टर लगवाए थे, जिनमें उसने दावा किया था कि उसकी चयन महाराष्ट्र पुलिस बल में हो गया है। इन पोस्टरों में उसे यूनिफॉर्म में दिखाया गया है और पुलिस बल में चयन होने पर उसे बधाई दी गई थी।
इस धोखाधड़ी का पर्दाफाश तब हुआ जब इलाके में नियमित पेट्रोलिंग कर रहे बीट मार्शलों ने इन पोस्टरों को देखा। यूनिफॉर्म वाले पोस्टर देखने के बाद और युवक पर शक होने पर पुलिस ने आंतरिक जांच और सत्यापन (वेरिफिकेशन) प्रक्रिया शुरू की। जांच में सामने आया कि ऋषिकेश जाधव का पुलिस विभाग में चयन हुआ ही नहीं था, और पोस्टरों में किए गए सभी दावे पूरी तरह से झूठे और गैरकानूनी थे।
पुलिस पूछताछ और प्रारंभिक जांच के दौरान जो मकसद सामने आया वह काफी अजीब था। अधिकारी ने बताया कि आरोपी युवक ने यह पूरा नाटक सिर्फ शादी करने के लिए रचा था। भविष्य में उसकी अच्छी शादी हो सके और ससुराल पक्ष को प्रभावित करने की लालच में उसने पुलिस यूनिफॉर्म का सहारा लिया और पूरे इलाके में खुद को पुलिस अधिकारी बताकर प्रचार किया।
उसके खिलाफ अवैध रूप से बैनर लगाने और पुलिस विभाग के नाम का दुरुपयोग करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस प्रशासन ने चेतावनी दी है कि ऐसे कृत्यों से न केवल विभाग की छवि खराब होती है, बल्कि यह दंडनीय कानूनी अपराध भी है।

