- Hindi News
- टेक और ऑटाे
- Audi SQ8 भारत में लॉन्च, महज 4 सेकंड में पकड़ेगी 100 की स्पीड; लेकिन दाम सुनकर उड़ जाएंगे होश
Audi SQ8 भारत में लॉन्च, महज 4 सेकंड में पकड़ेगी 100 की स्पीड; लेकिन दाम सुनकर उड़ जाएंगे होश
ऑडी ने भारतीय बाजार में अपनी नई कार लॉन्च कर दी है। कंपनी ने ब्रांड की प्रीमियम कार ऑडी SQ8 लॉन्च की है। यह नई कार स्टैंडर्ड Q8 और टॉप-ऑफ-द-लाइन RS Q8 के बीच का अंतर भरती है। इसमें 4-लीटर ट्विन-टर्बो V8 इंजन दिया गया है। कंपनी RS Q8 में भी यही इंजन ऑफर करती है। हालांकि, SQ8 में इंजन को डिट्यून किया गया है। कार की बुकिंग खुल चुकी है। यह कार स्टैंडर्ड Q8 से लगभग 65 लाख रुपये महंगी है। तो चलिए जान लेते हैं इस कार की कीमत और इसकी अन्य मुख्य विशेषताओं के बारे में।
कंपनी ने ऑडी SQ8 को ₹1.78 करोड़ के शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत पर लॉन्च किया है। यहां आपको बता दें कि ऑडी Q8 की कीमत ₹1.13 करोड़ है, और RS Q8 परफॉर्मेंस की कीमत ₹2.34 करोड़ एक्स-शोरूम है। SQ8 की कीमत स्टैंडर्ड ट्रिम से ₹65 लाख ज्यादा और परफॉर्मेंस ट्रिम से ₹56 लाख कम है।
Audi SQ8 में 4-लीटर ट्विन-टर्बो V8 इंजन है, जो 507 hp और 770 Nm टॉर्क पैदा करता है। यह 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ जुड़ा हुआ है, जो चारों पहियों को पावर भेजता है। इसका मतलब है कि कार ऑल-व्हील ड्राइव के साथ आती है।
कंपनी का दावा है कि यह सिर्फ 4.1 सेकंड में 0-100 Km/h की रफ्तार पकड़ लेती है। इसकी टॉप स्पीड 250 Km/h है। कार में एयर सस्पेंशन जैसी सुविधाएं दी गई हैं। हेडलाइट वॉशर्स के साथ SUV पर मैट्रिक्स LED हेडलाइट्स भी दी गई हैं।
कार के पीछे के हिस्से में कनेक्टेड OLED टेललाइट सेटअप दिया गया है। इसके अलावा इसमें छत पर लगा स्पॉइलर और काला SQ8 बैजिंग भी मिलता है। इस कार की लंबाई 5004 mm, चौड़ाई 1995 mm, ऊंचाई 1708 mm है और इसका व्हीलबेस 2998 mm है, जबकि बूट स्पेस 604 लीटर मिलता है।
इस SUV में 12.3-इंच ड्राइवर डिस्प्ले दिया गया है। इसके अलावा इसमें 10.1-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और 8.6-इंच की टचस्क्रीन भी दी गई है, जो चार-ज़ोन क्लाइमेट कंट्रोल को संचालित करती है। इसमें 17-स्पीकर ऑडियो सिस्टम, पैनोरमिक सनरूफ, वायरलेस फोन चार्जिंग, 8 एयरबैग्स और 360-डिग्री कैमरा भी दिया गया है। यह कार लेवल-2 ADAS के साथ आती है।

