- Hindi News
- खेल
- T20 वर्ल्ड कप: दक्षिण अफ्रीका ही टीम इंडिया को सेमीफाइनल का टिकट दिला सकती है; जानिए क्या है समीकरण
T20 वर्ल्ड कप: दक्षिण अफ्रीका ही टीम इंडिया को सेमीफाइनल का टिकट दिला सकती है; जानिए क्या है समीकरण
T20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टीम इंडिया को 76 रनों से करारी हार का सामना करना पड़ा, जिससे सेमीफाइनल में पहुंचने का रास्ता बेहद मुश्किल हो गया है। ग्रुप-1 में भारत की स्थिति ऐसी है कि अब उसे अपनी बची हुई दोनों मैच जीतनी होंगी और सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए उसे अपने नेट रन रेट (NRR) पर निर्भर रहना पड़ेगा। दिलचस्प बात यह है कि इस मुश्किल समय में दक्षिण अफ्रीका ही भारत का तारनहार साबित हो सकता है और सेमीफाइनल में जगह दिला सकता है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मैच के बाद ग्रुप-1 की स्थिति इस प्रकार है।
सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए भारतीय टीम के लिए समीकरण
दक्षिण अफ्रीका ने एक मैच जीता है, उसके 2 अंक हैं और शानदार +3.800 की NRR है। वहीं भारत के 0 अंक हैं और -3.800 की NRR है। दूसरी ओर, वेस्ट इंडीज और जिम्बाब्वे ने अभी तक अपने सुपर-8 अभियान की शुरुआत नहीं की है। भारत के पास अब जिम्बाब्वे और वेस्ट इंडीज के खिलाफ 2 मैच बाकी हैं। अगर भारत ये दोनों मैच जीतता है, तो उसके कुल 4 अंक हो जाएंगे। हालांकि, यहां NRR अहम भूमिका निभाएगा। इतनी बड़ी हार के बाद भारत की NRR इतनी खराब हो गई है कि सिर्फ जीत से इसे सुधारना मुश्किल हो जाएगा।
ऐसे में अगर दक्षिण अफ्रीका अपनी बची हुई दोनों मैच (वेस्ट इंडीज और जिम्बाब्वे के खिलाफ) जीत लेता है, तो प्रोटियाज के 6 अंक हो जाएंगे और वह ग्रुप में शीर्ष पर रहकर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर लेगा। इस स्थिति में भारत के पास 4 अंक होंगे, जबकि वेस्ट इंडीज और जिम्बाब्वे को अधिकतम 2-2 अंक ही मिल सकेंगे। नतीजतन, भारत 4 अंकों के साथ ग्रुप में दूसरे स्थान पर रहेगा, क्योंकि अन्य टीमों के अंक कम होंगे। हालांकि, अगर दक्षिण अफ्रीका एक मैच हार जाता है, तो ग्रुप में अंकों की बराबरी हो सकती है, जहां NRR महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, और भारत की -3.800 NRR उसे नुकसान पहुंचा सकती है।
यह हार टीम के लिए एक बड़ा सबक है। अब, रोहित-विराट युग के बाद, सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम को न सिर्फ जीत हासिल करनी होगी, बल्कि विरोधी टीमों को बड़े अंतर से हराना भी होगा। आने वाले मैचों में वापसी करने के लिए पूरी टीम को बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग में एकजुट होकर कमबैक करने की जरूरत है। अगर टीम इंडिया दोनों मैच बड़े अंतर से जीतती है, तो उसकी नेट रन रेट भी सुधर सकती है। ऐसी स्थिति में, दक्षिण अफ्रीका की हार के बाद भी टीम इंडिया सेमीफाइनल में प्रवेश कर सकती है।

