भारतीय क्रिकेट के सबसे बिंदास ओपनर शिखर धवन ने अपनी ज़िंदगी की सबसे खूबसूरत ‘पारी’ की शुरुआत कर ली है। शिखर धवन और उनकी लेडी लव सोफी शाइन (Sophie Shine) की शादी इस साल की सबसे चर्चित सेलेब्रिटी वेडिंग्स में शामिल हो गई है। सोशल मीडिया पर कपल की हल्दी, मेहंदी, संगीत और शादी से जुड़े फोटो-वीडियो जमकर वायरल हो रहे हैं।
21 फरवरी को शिखर और सोफी ने सात फेरे लिए, और उनकी ड्रीमी वेडिंग की तस्वीरें इंटरनेट पर तेजी से सुर्खियां बटोर रही हैं। इसके साथ ही कपल की संगीत नाइट का लुक भी खासा चर्चा में है, जहां दोनों का शानदार स्टाइल और स्वैग साफ नजर आया।
शैम्पेन-गोल्ड लहंगे में सोफी ने लूटी महफ़िल
सोफी और शिखर की संगीत नाइट किसी फिल्मी सीन से कम नहीं थी। जैसे ही सोफी शाइन ने वेन्यू में एंट्री ली, हर नजर उन्हीं पर टिक गई। अपने खास संगीत समारोह के लिए सोफी ने मशहूर डिज़ाइनर जोड़ी रिम्पल और हरप्रीत नरूला द्वारा डिज़ाइन किया गया शैम्पेन-गोल्ड लहंगा पहना था। लहंगे की नाज़ुक कढ़ाई और शिमर लाइट्स के खूबसूरत मेल ने उनके लुक को और निखार दिया, जिसमें सोफी बिल्कुल बार्बी डॉल जैसी नजर आ रही थीं।
सोफी का लुक ज्यादा ‘लाउड’ नहीं, बल्कि बेहद ‘क्लासी’ था, जो उनकी नैचुरल ब्यूटी को खूबसूरती से उभार रहा था। उन्होंने अपने आउटफिट के साथ हजूरी लाल लिगेसी की जूलरी कैरी की थी। रॉयल गोल्ड चोकर, मांग टीका और झुमकों ने उनके पूरे लुक को शाही अंदाज़ दे दिया।
मेकअप की बात करें तो सोफी का मेकअप अमृतकौर आर्टिस्ट्री ने किया था। संगीत नाइट के लिए चुना गया सॉफ्ट ग्लो मेकअप और खुले वेवी बाल उनके लुक को और भी खास बना रहे थे।
गब्बर के हाथ में चमकी लाखों की घड़ी
जहां एक ओर सोफी का लुक फैंस को दीवाना बना रहा था, वहीं दूसरी तरफ क्रिकेटर शिखर धवन का स्टाइल भी एक बार फिर चर्चा में आ गया। फैंस के बीच ‘गब्बर’ के नाम से मशहूर शिखर अपनी संगीत सेरेमनी में परफेक्ट जेंटलमैन अंदाज़ में नजर आए। सोफी के गोल्डन लुक को कॉम्प्लीमेंट करने के लिए उन्होंने आइवरी शेरवानी चुनी। लेकिन सबसे ज्यादा ध्यान खींचा उनकी कलाई पर सजी लग्ज़री रोलेक्स घड़ी ने।
संगीत नाइट में शिखर ने Rolex Day-Date 40 पहनी हुई थी, जिसकी कीमत सुनकर कोई भी हैरान रह जाए। अपने लेटेस्ट ‘वॉच गेम’ से गब्बर ने एक बार फिर साबित कर दिया कि स्टाइल के मामले में भी वह किसी से कम नहीं हैं। यह कोई आम घड़ी नहीं, बल्कि 18 कैरेट येलो गोल्ड से बनी ‘प्रेसिडेंट’ ब्रेसलेट वॉच है, जिसकी कीमत करीब 65 लाख रुपये बताई जा रही है।

