- Hindi News
- मनोरंजन
- केबीसी में नागदा को छोटा सा गांव और पानी की समस्या से ग्रस्त बताने पर मुश्किल में फंसे अमिताभ बच्चन,...
केबीसी में नागदा को छोटा सा गांव और पानी की समस्या से ग्रस्त बताने पर मुश्किल में फंसे अमिताभ बच्चन, केस
उज्जैन। देश का लोकप्रिय टीवी शो कौन बनेगा करोड़पति कानूनी पचड़े में फंस गया है। इसके 23 दिसंबर 2025 को प्रसारित एक शो को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। दरअसल, इस एपिसोड में मध्य प्रदेश के नागदा को लेकर एक टिप्पणी की गई थी, जिस पर स्थानीय लोगों ने आपत्ति जताई है। शो के होस्ट अमिताभ बच्चन ने नागदा को पानी की समस्या से जूझता छोटा सा गांव बताया था, इसी को लेकर स्थानीय स्तर पर आपत्ति दर्ज कराई गई है। अब इस मामले में नागदा के ज्यूडिशयल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास (न्यायालय में परिवाद दायर किया गया। न्यायालय ने परिवाद स्वीकार करते हुए प्रकरण को सीआईएस (केस इंफॉर्मेशन सिस्टम) में दर्ज करने और संबंधित थाने से प्रतिवेदन (रिपोर्ट) प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। अब अगली सुनवाई 9 अप्रैल को होगी। परिवारकर्ता अधिवक्ता लक्ष्मण सुंदरा का कहना है कि कार्यक्रम में नागदा नगर के संबंध में गलत और भ्रामक जानकारी दी गई। इससे शहर की छवि धूमिल हुई है। अधिवक्ता लक्ष्मण सुंदरा ने अमिताभ बच्चन के साथ-साथ सोनी पिक्चर्स नेटवर्क इंडिया के सीईओ गौरव बैनर्जी के खिलाफ भी अपराध पंजीबद्ध करने की मांग को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया है। अब अगली सुनवाई के बाद न्यायालय आगे की कार्रवाई तय करेगा।
कार्यक्रम से शहर की छवि खराब हुई!
परिवार में यह स्पष्ट किया गया है कि इतने बड़े राष्ट्रीय कार्यक्रम में नागदा शहर के बारे में भ्रामक जानकारी दी गई, जिससे शहर की छवि प्रभावित हुई है। कार्यक्रम में नागदा को छोटा गांव और पानी संकटग्रस्त बताया गया, जबकि यह तथ्यात्मक रूप से गलत है।
नागदा मालवा क्षेत्र का प्रमुख रेलवे जंक्शन है
परिवाद में उल्लेख किया गया है कि नागदा मालवा क्षेत्र का प्रमुख रेलवे जंक्शन है और इसकी आबादी डेढ़ लाख से अधिक बताई गई है। यह एक विकसित औद्योगिक नगर के रूप में पहचाना जाता है। आवेदन में यह भी कहा गया है कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान तीन बार नागदा को जिला बनाने की घोषणा कर चुके हैं। बता दें कि अमिताभ बच्चन का ससुराल मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में है। बच्चन की पत्नी जया बच्चन के माता-पिता का परिवार भोपाल के श्यामला हिल्स इलाके में रहता है। जया बच्चन का बचपन भी भोपाल में ही बीता।

