- Hindi News
- राष्ट्रीय
- ब्रेक फेल होने से तेजस विमान रनवे से आगे निकला, 30 विमान करवाए ग्राउंड
ब्रेक फेल होने से तेजस विमान रनवे से आगे निकला, 30 विमान करवाए ग्राउंड
भारतीय वायुसेना (IAF) का हल्का लड़ाकू विमान तेजस लैंडिंग के दौरान रनवे पार कर गया। शुरुआती जांच में ब्रेक फेल होने की संभावना जताई जा रही है। न्यूज एजेंसी ANI ने सूत्रों के हवाले से बताया कि यह घटना 7 फरवरी की है, जिसकी जानकारी अब सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक, विमान एक प्रशिक्षण उड़ान के बाद एयरबेस पर लौट रहा था। लैंडिंग के बाद पायलट ने ब्रेक लगाने की कोशिश की, लेकिन ब्रेक काम नहीं कर पाए और विमान रनवे से बाहर निकल गया। हादसे से पहले पायलट सुरक्षित रूप से बाहर निकल गया। विमान को नुकसान पहुंचा है, हालांकि यह घटना किस एयरबेस पर हुई, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
सूत्रों के अनुसार, इस घटना के बाद भारतीय वायुसेना ने लगभग 30 सिंगल-सीटर तेजस लड़ाकू विमानों के पूरे बेड़े को तकनीकी जांच के लिए ग्राउंड कर दिया है। जांच पूरी होने तक ये विमान उड़ान नहीं भरेंगे। इस हादसे को लेकर IAF की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
तेजस लड़ाकू विमान से जुड़ी यह तीसरी घटना बताई जा रही है। इससे पहले मार्च 2024 में जैसलमेर के पास एक तेजस जेट दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। वहीं दूसरा हादसा नवंबर 2025 में दुबई एयरशो के दौरान एरियल डिस्प्ले के समय सामने आया था, जब एक तेजस जेट क्रैश हो गया था।
21 नवंबर 2025: दुबई एयर शो के दौरान तेजस लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ
पिछले साल नवंबर में दुबई एयर शो के दौरान भारतीय वायुसेना का तेजस लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। यह हादसा अल मकतूम एयरपोर्ट पर चल रहे एयर शो में एक डेमो फ्लाइट के समय हुआ।
विमान के गिरते ही उसमें आग लग गई और एयरपोर्ट के ऊपर काले धुएं का घना गुबार उठता देखा गया। वायुसेना की ओर से बताया गया था कि इस हादसे में पायलटने भी जान गवाई। शहीद विंग कमांडर नमांश स्याल हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के निवासी थे।
12 मार्च 2024: जैसलमेर में हुआ तेजस प्लेन का क्रैश
मार्च 2024 में राजस्थान के पोकरण में आयोजित ‘भारत शक्ति’ युद्धाभ्यास के दौरान शामिल तेजस लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। यह विमान जैसलमेर शहर से करीब 2 किलोमीटर दूर जवाहर नगर स्थित भील समाज के एक हॉस्टल पर गिरा था।
तेजस के क्रैश होने की यह पहली घटना मानी गई थी। जांच में सामने आया था कि इंजन फेल होने के कारण यह हादसा हुआ। पायलट ने इजेक्शन से पहले ग्राउंड स्टाफ को इंजन में आई खराबी की जानकारी भी दी थी।

