- Hindi News
- खेल
- क्या होली के दिन भारत-पाक में होगा महामुकाबला? जान लें पूरा समीकरण
क्या होली के दिन भारत-पाक में होगा महामुकाबला? जान लें पूरा समीकरण
आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 अब अपने सबसे अहम चरण सुपर-8 में पहुंच चुका है। 20 टीमों के साथ शुरू हुआ यह टूर्नामेंट अब सिमटकर 8 टीमों तक रह गया है। सुपर-8 का पहला मुकाबला पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाना था, लेकिन बारिश के चलते एक भी गेंद फेंके बिना ही मैच रद्द करना पड़ा। ऐसे में अब यह देखना दिलचस्प हो गया है कि कौन-सी 4 टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी। इसी बीच भारत और पाकिस्तान के मुकाबले को लेकर भी चर्चा तेज है।
ग्रुप स्टेज में 15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान आमने-सामने आए थे, जहां टीम इंडिया ने जीत दर्ज की थी। ऐसे में फैंस के मन में यह सवाल उठ रहा है कि क्या इस टूर्नामेंट में दोनों टीमें एक बार फिर आमने-सामने हो सकती हैं या नहीं। आइए जानते हैं इसका जवाब।
ग्रुप स्टेज में भारत और पाकिस्तान एक ही ग्रुप में शामिल थे और दोनों के बीच मुकाबला भी हुआ था, जिसमें भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हराकर शानदार जीत हासिल की। इस मैच से पहले काफी विवाद भी देखने को मिला था। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने बहिष्कार की बात कही थी, जिसके चलते आईसीसी अधिकारियों को लाहौर तक जाना पड़ा था। लेकिन तमाम विवादों के बावजूद मुकाबला खेला गया और मैदान पर भारत का दबदबा साफ नजर आया
टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में पाकिस्तान के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड 8-1 का रहा है, जो उसकी ताकत को दर्शाता है। अब सुपर-8 चरण में भारत और पाकिस्तान अलग-अलग ग्रुप में शामिल हैं।
ग्रुप 1 में जिम्बाब्वे, साउथ अफ्रीका, वेस्टइंडीज और भारत शामिल हैं, जबकि ग्रुप 2 में न्यूजीलैंड, इंग्लैंड, श्रीलंका और पाकिस्तान की टीमें हैं।
सुपर-8 के नियम बिल्कुल स्पष्ट हैं—दोनों ग्रुप से टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी। ऐसे में भारत और पाकिस्तान का दोबारा आमना-सामना तभी संभव होगा, जब दोनों टीमें अपने-अपने ग्रुप में शीर्ष दो स्थानों में जगह बना लें।
अगर भारत ग्रुप 1 में पहले या दूसरे स्थान पर रहता है और पाकिस्तान भी ग्रुप 2 से टॉप-2 में क्वालिफाई करता है, तो दोनों टीमें सेमीफाइनल में एक-दूसरे के खिलाफ उतर सकती हैं। इसका मतलब है कि फैंस को एक और हाई-वोल्टेज भारत-पाकिस्तान मुकाबला देखने को मिल सकता है।
सेमीफाइनल कहां खेला जाएगा?
मौजूदा शेड्यूल के मुताबिक, अगर भारत सेमीफाइनल में पहुंचता है तो उसे 5 मार्च को वानखेड़े स्टेडियम में दूसरा सेमीफाइनल खेलना है, जो टीम इंडिया के लिए घरेलू मैदान का बड़ा फायदा साबित हो सकता है।
हालांकि, इसमें एक अहम शर्त भी जुड़ी हुई है। अगर सेमीफाइनल में भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होते हैं, तो यह मुकाबला मुंबई में नहीं खेला जाएगा। ऐसे में मैच को श्रीलंका शिफ्ट कर दिया जाएगा और यह 4 मार्च को आयोजित होगा। यह फैसला दोनों क्रिकेट बोर्ड के बीच हुए हाइब्रिड एग्रीमेंट का हिस्सा है, जिसके तहत 2027 वनडे वर्ल्ड कप तक भारत-पाकिस्तान के आईसीसी मुकाबले न्यूट्रल वेन्यू पर कराए जाएंगे।
साफ शब्दों में कहें तो अगर पाकिस्तान सेमीफाइनल में नहीं पहुंचता है, तो भारत मुंबई में खेलेगा। लेकिन यदि पाकिस्तान क्वालिफाई कर लेता है और उसका सामना भारत से तय होता है, तो टीम इंडिया को श्रीलंका जाना पड़ेगा। दिलचस्प बात यह है कि अगर कोलंबो में भारत-पाकिस्तान सेमीफाइनल होता है, तो यह मैच 4 मार्च यानी होली के दिन खेला जाएगा।

