- Hindi News
- बिजनेस
- सोना 1.60 लाख के पार, चांदी में 15,000 की उछाल; वित्त मंत्री ने बताया तेजी के पीछे का कारण
सोना 1.60 लाख के पार, चांदी में 15,000 की उछाल; वित्त मंत्री ने बताया तेजी के पीछे का कारण
सप्ताह के पहले ट्रेडिंग दिन सोमवार को भारतीय बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखने को मिला है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर चांदी के भाव में 15,000 से ज्यादा और सोने के भाव में 3,000 से ज्यादा की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इस अप्रत्याशित बढ़ोतरी के बीच वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बयान देते हुए कहा है कि घबराने की जरूरत नहीं है, सरकार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
सोना-चांदी के आज के लेटेस्ट भाव
सोमवार को बाजार खुलते ही कीमती धातुओं में तेज तेजी देखने को मिली:
चांदी (Silver Rate): MCX पर 5 मार्च की एक्सपायरी वाली चांदी शुक्रवार के बंद भाव 2,52,944 से उछलकर 2,68,875 प्रति किलो पर पहुंच गई है। यानी एक ही झटके में चांदी में 15,931 की बढ़ोतरी हुई है।
सोना (Gold Rate): 2 अप्रैल की एक्सपायरी वाला 24 कैरेट सोना 3,724 बढ़कर 1,60,600 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है।
क्यों बढ़ रहे हैं भाव? वित्त मंत्री ने समझाया गणित
RBI बोर्ड के साथ बैठक के बाद वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बताया कि यह तेजी सिर्फ भारतीय खपत की वजह से नहीं है। इसके मुख्य कारण निम्नलिखित हैं:

वैश्विक सेंट्रल बैंकों की खरीद: दुनिया भर के सेंट्रल बैंक बड़ी मात्रा में सोना खरीद रहे हैं, जिससे कीमतें बढ़ रही हैं।
आयात पर निर्भरता: भारत अपनी सोने की जरूरत के लिए पूरी तरह आयात पर निर्भर है। देश में सोने के खनन के लिए पर्याप्त संसाधन नहीं हैं।
वैश्विक तनाव: अमेरिका-ईरान के बीच तनाव और डोनाल्ड ट्रंप की टैरिफ बढ़ाने की धमकियों के कारण निवेशक सुरक्षित निवेश के रूप में सोने की ओर रुख कर रहे हैं।
बाजार की अस्थिरता: शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव और करेंसी मार्केट में अस्थिरता के कारण भी कीमती धातुओं की मांग बढ़ी है।
‘चिंता का कोई कारण नहीं’
वित्त मंत्री ने आश्वासन देते हुए कहा कि, ‘सोना-चांदी की कीमतों पर बारीकी से नजर रखी जा रही है। फिलहाल खरीद एक निश्चित सीमा में ही है और RBI लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है, इसलिए चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है।’ उन्होंने आगे कहा कि भारतीय परिवारों के लिए सोना हमेशा निवेश का पसंदीदा विकल्प रहा है और आने वाले त्योहारों या अक्षय तृतीया जैसे अवसरों पर मांग में और उछाल आ सकता है।

