राम मंदिर के कर्मचारी के घर से 10 लाख मिलना, सीएम योगी का SIT गठित करना, क्या मंदिर में वाकई सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है!

चढ़ावे के रकम में गड़बड़ी का मामला, पीएमओ भी रिपोर्ट तलब कर चुकी है

Hindi Khabarchhe Picture
On

अयोध्या। अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की रकम में कथित गड़बड़ी और करोड़ों रुपये की चोरी के आरोपों ने नया मोड़ ले लिया है। मामले को लेकर बढ़ते विवाद के बीच मंदिर ट्रस्ट ने उत्तर प्रदेश सरकार से स्वतंत्र जांच की मांग की, जिसके बाद राज्य सरकार ने तीन सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर दिया। इसी बीच मंदिर से जुड़े एक कर्मचारी के घर से 10 लाख रुपये बरामद होने की जानकारी सामने आई है, जिससे पूरे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, राम मंदिर के कर्मचारी लवकुश मिश्रा के घर से करीब 10 लाख रुपये मिले हैं। बताया गया है कि कुछ रकम घर में रखे बक्सों में थी, जबकि कुछ पैसे गोबर के ढेर में दबाकर छिपाए गए थे। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि बरामद की गई राशि किसकी है और उसका स्रोत क्या है। सूत्रों का कहना है कि लवकुश मंदिर में चढ़ावे की रकम गिनने का काम करता था। 

बताया जा रहा है कि लवकुश की नौकरी मंदिर में उसके ससुर की सिफारिश पर लगी थी। उसका साला अनुकल्प मिश्रा पहले से ही मंदिर में कार्यरत था। सूत्रों के अनुसार, लवकुश और अनुकल्प दोनों फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है।

कैसे शुरू हुआ यह विवाद, जानें पूरा मामला

राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर विवाद तब शुरू हुआ जब समाजवादी पार्टी सरकार में मंत्री रह चुके पवन पांडे ने दावा किया कि मंदिर से 5 से 7.5 करोड़ रुपये तक की चोरी हुई है। इसके बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी मामले में सरकार की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसकी न्यायिक जांच होनी चाहिए। हालांकि राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा था कि अब तक ऐसी कोई बात सामने नहीं आई है।
विवाद बढ़ने के बाद भाजपा नेता डॉ. रजनीश सिंह ने 9 जून को प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर मामले की सीबीआई जांच की मांग की। इसके अगले दिन प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने मंदिर ट्रस्ट से इस संबंध में रिपोर्ट तलब कर ली।

वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए मंदिर ट्रस्ट ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से SIT जांच की मांग की। इसके कुछ घंटों बाद ही शासन ने तीन सदस्यीय SIT गठित कर दी। इस टीम में लखनऊ मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत, आईजी रेंज किरन शिवकुमार और वित्त विभाग के विशेष सचिव नीलरतन को शामिल किया गया है।

विजय विश्वास को SIT का अध्यक्ष बनाया गया है। वे मंदिर में चढ़ावे और दान की पूरी व्यवस्था का अध्ययन करेंगे और उसमें सुधार के सुझाव देंगे। वहीं, आईजी किरन एस. को अपराध जांच का लंबा अनुभव है। वे पहले केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) में डीआईजी के पद पर भी रह चुके हैं। SIT में उनकी भूमिका कथित चोरी और उससे जुड़े आरोपों की जांच करना होगी। वित्त विभाग के विशेष सचिव नीलरतन मंदिर के वित्तीय रिकॉर्ड, दान और लेखा-जोखा की समीक्षा करेंगे। वे ऑडिट और वित्तीय लेन-देन की जांच कर अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे।

गोबर के ढेर से मिले पैसे, अब पिता क्या बोल रहे हैं

इस बीच लवकुश मिश्रा के पिता बच्चूलाल ने भी उनके घर से रकम मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि उनका बेटा पिछले चार-पांच महीने से राम मंदिर में नौकरी कर रहा था। चोरी की घटना के बाद जांच के सिलसिले में कुछ लोग घर आए और तलाशी के दौरान 10 लाख रुपये बरामद हुए। उन्होंने यह भी कहा कि फैजाबाद में बन रहे मकान से उनके बेटे का कोई संबंध नहीं है। मकान निर्माण के लिए उन्होंने अपनी 10 से 12 बीघा जमीन गिरवी रखी है। वहीं,  ग्रामीणों का कहना है कि कुछ पैसे अलमारी और बक्सों में रखे थे, जबकि कुछ रकम गोबर में छिपाई गई थी।

नौकरी लगते ही लवकुश की आर्थिक स्थिति तेजी से बदलने लगी

ग्रामीणों ने बताया कि मंदिर में नौकरी मिलने से पहले लवकुश कार मैकेनिक का काम करता था। नौकरी मिलने के बाद उसकी आर्थिक स्थिति में तेजी से बदलाव देखा गया। गांव आने पर वह खुलकर खर्च करता था। लवकुश के पिता गाजियाबाद की लोहा मंडी में काम करते हैं।

विवादों के बीच मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा अयोध्या पहुंचे

राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा भी अयोध्या पहुंचे। पांच दिनों के भीतर यह उनका दूसरा दौरा था। बैठक से पहले जब उनसे चढ़ावा विवाद पर सवाल पूछे गए तो उन्होंने कहा कि वह मंदिर निर्माण संबंधी जानकारी लेने आए हैं और निर्माण समिति की बैठक में निर्माण कार्यों पर ही चर्चा होगी। इससे पहले 9 जून को भी उन्होंने ट्रस्ट सदस्यों के साथ बैठक कर चढ़ावे की राशि और उसके उपयोग सहित कई विषयों पर चर्चा की थी।

जनहित याचिक दाखिल, अगले हफ्ते सुनवाई संभव

उधर, पवन पांडे ने कहा है कि संघ से जुड़े रहे महिपाल सिंह ने चढ़ावे में गड़बड़ी के आरोप लगाए हैं, इसलिए मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के नाम आरोपों में सामने आए हैं, उन्हें नैतिक आधार पर पद छोड़कर जांच का सामना करना चाहिए। मामले को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ में भी एक जनहित याचिका दाखिल की गई है। स्थानीय अधिवक्ता मोहित अशोक ने याचिका दायर कर मामले की सीबीआई जांच और मंदिर के चढ़ावे का नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) से ऑडिट कराने की मांग की है। इस याचिका पर अगले सप्ताह सुनवाई हो सकती है।

भाजपा नेता विनय कटियार ने भी मामले को गंभीर बताया

राम मंदिर आंदोलन से जुड़े भाजपा नेता विनय कटियार ने भी मामले को गंभीर बताया है। उनका कहना है कि यह कोई सामान्य विषय नहीं है, क्योंकि मंदिर निर्माण के लिए लंबे समय तक संघर्ष हुआ है और अनेक लोगों ने इसके लिए त्याग और बलिदान दिए हैं। ऐसे में सभी आरोपों की निष्पक्ष और गहन जांच जरूरी है।

About The Author

More News

विमान के टॉयलेट में छिपाकर लाया 3 किलो सोना, अहमदाबाद एयरपोर्ट पर पकड़ा गया तस्कर 

Top News

विमान के टॉयलेट में छिपाकर लाया 3 किलो सोना, अहमदाबाद एयरपोर्ट पर पकड़ा गया तस्कर 

सोने के तस्कर विदेश से लाए गए सोने को छिपाने के लिए अजीबोगरीब तरीकों का इस्तेमाल करते हैं। कोई उसे...
राष्ट्रीय  
विमान के टॉयलेट में छिपाकर लाया 3 किलो सोना, अहमदाबाद एयरपोर्ट पर पकड़ा गया तस्कर 

बैठक से 3 सांसद गायब, फोन भी बंद... क्या उद्धव ठाकरे के साथ होने वाला है बड़ा खेल?

   महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर बड़ी उथल-पुथल के संकेत मिल रहे हैं। शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे (शिवसेना UBT)...
राजनीति 
बैठक से 3 सांसद गायब, फोन भी बंद... क्या उद्धव ठाकरे के साथ होने वाला है बड़ा खेल?

भारत वैभव सूर्यवंशी को खो सकता है: डेल स्टेन की बड़ी चेतावनी

भारत के उभरते हुए स्टार क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी की चर्चा अब केवल भारत तक सीमित नहीं रही है, बल्कि सीमाओं...
खेल 
भारत वैभव सूर्यवंशी को खो सकता है: डेल स्टेन की बड़ी चेतावनी

राम मंदिर के कर्मचारी के घर से 10 लाख मिलना, सीएम योगी का SIT गठित करना, क्या मंदिर में वाकई सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है!

अयोध्या। अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की रकम में कथित गड़बड़ी और करोड़ों रुपये की चोरी के आरोपों ने...
धर्म ज्योतिष 
राम मंदिर के कर्मचारी के घर से 10 लाख मिलना, सीएम योगी का SIT गठित करना, क्या मंदिर में वाकई सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है!

बिजनेस

Copyright (c) Khabarchhe All Rights Reserved.