- Hindi News
- राष्ट्रीय
- यूपी : सास-दामाद की प्रेम कहानी... बीमार पति को छोड़कर दामाद के साथ फरार हुई महिला! घर में गड़ा सोना...
यूपी : सास-दामाद की प्रेम कहानी... बीमार पति को छोड़कर दामाद के साथ फरार हुई महिला! घर में गड़ा सोना भी खोदकर ले गई
उत्तर प्रदेश के उन्नाव से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला अपने बीमार पति को छोड़कर अपने दामाद के साथ फरार हो गई। आरोप है कि महिला घर में जमीन के नीचे गाड़कर रखे गए पुश्तैनी गहने भी खोदकर अपने साथ ले गई। अब बीमार पति और उसके बेटे ने शिकायत दर्ज कराने के लिए पुलिस अधीक्षक (SP) से संपर्क किया है।
यह घटना अजगैन थाना क्षेत्र के एक गांव की है। पुलिस में शिकायत करने के बाद महिला के बेटे ने पुलिस अधीक्षक (SP) जय प्रकाश सिंह से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की। परिवार का आरोप है कि महिला ने हाल ही में अपनी बेटी के बेटे (नाती) के नाम 10 बीघा जमीन भी ट्रांसफर कर दी थी। पुलिस अधीक्षक ने अब इस मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
बेटे ने अपनी शिकायत में बताया है कि उसकी बहन की शादी करीब 15 साल पहले सोहरामऊ थाना क्षेत्र में हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद उसके पति ने उसकी हत्या कर दी थी। बेटे का कहना है कि बहन की मौत के बाद परिवार ने उस समय उसके बच्चे के पालन-पोषण की जिम्मेदारी को देखते हुए मामला दर्ज नहीं कराया था। इसके बाद उसकी मां और जीजा के बीच नजदीकियां बढ़ गईं और जीजा बार-बार घर आने लगा।
बेटे के मुताबिक, जब उसके पिता ने इस बात का विरोध किया तो घर में झगड़े शुरू हो गए। परिवार का दावा है कि मां और जीजा के बीच नजदीकियां बनी रहीं। अब उसकी मां उसी जीजा के साथ घर छोड़कर फरार हो गई है।
इस मामले में पुश्तैनी गहनों को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। बेटे और उसके बीमार पिता का कहना है कि परिवार के पुश्तैनी गहने घर के अंदर जमीन में गड्ढा खोदकर छिपाकर रखे गए थे। इन गहनों में करीब 2 किलो चांदी और 80 ग्राम सोना था। आरोप है कि महिला जमीन खोदकर ये गहने भी अपने साथ ले गई। परिवार का दावा है कि इन गहनों की कीमत लाखों रुपये है।
बेटे ने अपनी शिकायत में जमीन को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उसका आरोप है कि 14 सितंबर को अपने दामाद के कहने पर उसकी मां ने उसके पिता की खरीदी हुई 10 बीघा जमीन अपने नाती के नाम ट्रांसफर कर दी। परिवार को इस जमीन के हस्तांतरण की जानकारी बाद में मिली। बेटे का दावा है कि उसकी मां ने यह काम चुपचाप किया और उसके पिता को इसकी जानकारी तक नहीं दी।
शिकायत में महिला के बेटे ने बताया कि उसके पिता की तबीयत खराब रहती है। वह पहले गांव में चौकीदार के रूप में काम करते थे। बेटे का आरोप है कि मां के घर छोड़कर जाने के बाद उसके बीमार पिता अकेले रह गए हैं। परिवार ने शुरुआत में अजगैन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। बेटे का कहना है कि वहां कोई कार्रवाई नहीं हुई, इसलिए उसने पुलिस अधीक्षक से संपर्क किया। उसने अपनी मां और जीजा के खिलाफ जांच और कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच कर रही है।

