- Hindi News
- राष्ट्रीय
- सरकारी नौकरी न मिलने पर युवती 61 लीटर का कावड़ उठाकर चली, क्या है मानसी की कहानी
सरकारी नौकरी न मिलने पर युवती 61 लीटर का कावड़ उठाकर चली, क्या है मानसी की कहानी
उत्तर प्रदेश के जेवर की रहने वाली मानसी राजपूत इन दिनों अपनी अनोखी कांवड़ यात्रा को लेकर चर्चा में हैं। मानसी 61 लीटर गंगाजल लेकर कांवड़ यात्रा पर निकली हैं। इसके पीछे उनकी शिव भक्ति के साथ-साथ सरकारी नौकरी पाने के लिए लंबे समय से चल रहा संघर्ष भी जुड़ा है।
मानसी पिछले 3-4 साल से सरकारी नौकरी की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही हैं। उन्होंने यूपी पुलिस समेत कई भर्ती परीक्षाएं दीं, लेकिन लगातार प्रयासों के बावजूद उनका चयन नहीं हो सका। मानसी का कहना है कि अच्छे अंक आने के बावजूद वह चयन सूची में जगह नहीं बना पाईं।
मानसी के मुताबिक, यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा में उन्हें कटऑफ से काफी ज्यादा अंक मिले, फिर भी उनका चयन नहीं हुआ। इस असफलता से वह काफी निराश हुईं। इसी दौरान उनकी मां ने उन्हें भगवान शिव पर भरोसा रखने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इसके बाद मानसी ने महादेव को गंगाजल चढ़ाने के लिए कांवड़ यात्रा करने का फैसला किया। उन्होंने शुरुआत में 21 लीटर जल उठाने का सोचा था, फिर इसे बढ़ाकर 51 और आखिरकार 61 लीटर कर दिया।
मानसी का कहना है कि उनकी यह यात्रा उन लोगों को भी जवाब है जो मानते हैं कि लड़कियां मुश्किल काम नहीं कर सकतीं। उनका संदेश है कि लड़कियां भी वही कर सकती हैं, जो लड़के कर सकते हैं। उनकी 61 लीटर की कांवड़ और सरकारी नौकरी के लिए संघर्ष की कहानी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।

