- Hindi News
- मनोरंजन
- ‘आदिपुरुष मेरे जीवन की सबसे बड़ी गलती थी, मुझे शर्म आती है’, मनोज मुंतशिर ने 3 साल बाद क्यों मांगी म...
‘आदिपुरुष मेरे जीवन की सबसे बड़ी गलती थी, मुझे शर्म आती है’, मनोज मुंतशिर ने 3 साल बाद क्यों मांगी माफी
‘आदिपुरुष’ से जुड़े विवाद के तीन साल बाद फिल्म के संवाद लेखक, मनोज मुंतशिर ने अपनी सबसे बड़ी गलती स्वीकार की है. उन्होंने कहा कि फिल्म के लिए लिखे गए कुछ संवादों के लिए आज उन्हें शर्म महसूस होती है. ‘कपड़ा तेरे बाप का, तेल तेरे बाप का...’ जैसे डायलॉग को लेकर उन्हें भारी आलोचना का सामना करना पड़ा था।
एक इंटरव्यू में मनोज ने स्वीकार किया कि, ‘आदिपुरुष’ मेरे जीवन की सबसे बड़ी गलती थी. फिल्म रिलीज होने के तीन साल बाद उन्होंने पहली बार खुले तौर पर अपनी गलती स्वीकार की है। प्रभास, कृति सेनन और सैफ अली खान अभिनीत फिल्म को लेकर हुए विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि ‘आदिपुरुष’ उनके जीवन की सबसे बड़ी गलती थी। इतना ही नहीं, उन्होंने स्वीकार किया कि फिल्म का बचाव करना एक बड़ी गलती थी।
उन्होंने टाइम्स नाउ को दिए इंटरव्यू में इस बारे में बात की थी। मनोज मुंतशिर ने कहा कि, शुरुआत में, मैंने इस विवाद को गंभीरता से नहीं लिया था. मुझे दो दिन बाद समझ आया कि क्या हो गया। ‘आदिपुरुष’ मेरे जीवन की सबसे बड़ी गलती थी, और उसका बचाव करना उससे भी बड़ी गलती थी. इस फिल्म के साथ जो कुछ भी हुआ, उसके लिए मुझे बहुत शर्म आती है। मैं हाथ जोड़कर पूरे देश से माफी मांगता हूं। मनोज ने फिल्म के चर्चित संवादों के बारे में भी खुलकर बात की थी। उन्होंने कहा कि, आज, जब मैं उन संवादों को देखता हूं, तो मुझे शर्म आती है कि मैंने उन्हें लिखा था. मुझे नहीं पता कि तब मैं किस मानसिकता में था, जब उन्हें लिखा था।
निर्देशक ओम राउत की फिल्म ‘आदिपुरुष’ जून 2023 में रिलीज हुई थी. यह फिल्म रामायण से प्रेरित थी, लेकिन रिलीज के बाद इसे दर्शकों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा था। फिल्म में धार्मिक महाकाव्य से तथ्यों को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत करने, भगवान हनुमान और रावण जैसे पात्रों के चित्रण और संवादों को लेकर गंभीर आपत्तियां उठाई गई थीं। खासकर ‘कपड़ा तेरे बाप का...’ जैसे संवादों को लेकर सोशल मीडिया पर खूब आलोचना हुई थी, हालांकि बाद में निर्माताओं ने कुछ संवादों में बदलाव किए, लेकिन विवाद शांत होता नजर नहीं आया।
फिल्म के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में CBFC द्वारा दिए गए प्रमाणपत्र को रद्द करने की मांग करते हुए याचिका भी दायर की गई थी; हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने इस याचिका को खारिज कर दिया था। इससे पहले, फिल्म में सीता की भूमिका निभाने वाली कृति सेनन भी इस विवाद पर प्रतिक्रिया दे चुकी हैं। उन्होंने कहा था कि जब किसी फिल्म की इतनी आलोचना होती है तो कलाकार को बहुत दुख होता है। हालांकि, उनका मानना है कि किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लिए फिल्म बनाने का किसी का उद्देश्य नहीं होता और ऐसी घटनाओं से सीखना जरूरी है।

