- Hindi News
- टेक और ऑटाे
- एक बोल्ट में खराबी आई और इस कंपनी ने 28 लाख कारें वापस मंगाईं... जानिए क्या है पूरा मामला
एक बोल्ट में खराबी आई और इस कंपनी ने 28 लाख कारें वापस मंगाईं... जानिए क्या है पूरा मामला
फॉक्सवैगन ग्रुप ने दुनियाभर से 28.6 लाख कारों को वापस मंगाया है। इसमें फॉक्सवैगन और ऑडी (Audi) दोनों ब्रांड की कारें शामिल हैं। इसका कारण स्टीयरिंग से जुड़ी समस्या है। जंग लगने के कारण स्टीयरिंग-रैक माउंटिंग बोल्ट कमजोर हो सकता है। स्थिति गंभीर होने पर स्टीयरिंग पर नियंत्रण खोने का जोखिम पैदा हो सकता है।
इस परेशानी में प्रभावित होने वाली कारों की सूची में फॉक्सवैगन गोल्फ, गोल्फ वेरिएंट, टाइगुन, टूरन और कैडी के साथ ही ऑडी Q3 शामिल है। कंपनी ने इन गाड़ियों को वापस मंगाया है, ताकि कोई भी दुर्घटना होने से पहले समस्या को ठीक किया जा सके। वापस मंगाई गई कारों में 21.6 लाख कारें फॉक्सवैगन की हैं, जबकि 6,96,000 ऑडी Q3 कारें हैं। इस समस्या से सितंबर 2013 से लेकर जुलाई 2024 के बीच बनी फॉक्सवैगन कारें और अक्टूबर 2017 से लेकर मई 2024 के बीच बनी ऑडी Q3 यूनिट्स प्रभावित हुई हैं।
जर्मनी की फेडरल मोटर ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी का कहना है कि अब तक इस समस्या से संबंधित नुकसान या दुर्घटना की कोई घटना दर्ज नहीं हुई है। यह समस्या एक बोल्ट से संबंधित है जो स्टीयरिंग रैक को फ्रंट सब-फ्रेम से जोड़ता है; कुछ परिस्थितियों में, इस बोल्ट पर जंग लगने की संभावना है।
अगर जंग बढ़ती है तो बोल्ट टूट सकता है और स्टीयरिंग रैक हाउसिंग को नुकसान पहुंचा सकता है। इसके कारण स्टीयरिंग पर नियंत्रण खत्म हो सकता है या पूरी तरह से नियंत्रण खोने की स्थिति भी पैदा हो सकती है। कंपनी का कहना है कि यह कदम एहतियात के तौर पर उठाया जा रहा है। प्रभावित बोल्ट को संबंधित डीलरशिप पर जंग-रोधी बोल्ट से बदला जाएगा।
क्या भारत पर भी इसका असर होगा?
फॉक्सवैगन की वैश्विक सूची में कई कारें शामिल हैं, जिनमें से कई कारें भारत में कभी मुख्य उत्पादन का हिस्सा नहीं रही हैं। हालांकि, 'टाइगुन' ऐसी कार है जो वर्षों से भारतीय बाजार में बेची जा रही है। तो ऑडी ने यहां Q3 की कई जनरेशन (generations) बेची हैं।
हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि इस अवधि के दौरान बनी हर फॉक्सवैगन टाइगुन और ऑडी Q3 प्रभावित होगी। कंपनी वाहन पहचान नंबर (VIN), उत्पादन की तारीख और कंपोनेंट के संयोजन के आधार पर कारों को वापस मंगा रही है। फिलहाल, फॉक्सवैगन ग्रुप ने भारत को लेकर कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।

