- Hindi News
- राष्ट्रीय
- अरब सागर से 3 हजार करोड़ की ड्रग्स जब्त: मुंबई से तमिलनाडु फिर पंजाब तक भेजने की थी तैयारी, युवाओं को...
अरब सागर से 3 हजार करोड़ की ड्रग्स जब्त: मुंबई से तमिलनाडु फिर पंजाब तक भेजने की थी तैयारी, युवाओं को नशे में डूबाने वाले आखिर कौन हैं?
अहमदाबाद। समुद्र के रास्ते देश में लाई जा रही ड्रग्स की एक बड़ी खेप को गुजरात ATS और भारतीय कोस्ट गार्ड ने संयुक्त कार्रवाई में पकड़ा है। लक्षद्वीप के पश्चिम में अरब सागर में संदिग्ध ईरानी नाव को ट्रैक करने के बाद टीम ने उसे रोका और तलाशी ली। नाव से करीब 526 किलो हेरोइन और मेथामफेटामाइन बरामद हुई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 3 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान नाव पर सवार पांच पाकिस्तानी नागरिकों को भी पकड़ा गया। जहाज, ड्रग्स और पकड़े गए लोगों को मुंबई लाया गया है, जहां कई एजेंसियां संयुक्त रूप से पूछताछ कर रही हैं। गुजरात ATS, केंद्रीय खुफिया एजेंसियों और अन्य स्रोतों से मिले इनपुट के आधार पर संदिग्ध नाव की जानकारी कोस्ट गार्ड तक पहुंची थी। इसके बाद लक्षद्वीप के पश्चिम में अरब सागर में समुद्र और हवा के जरिए निगरानी शुरू की गई। इसके बाद कोस्ट गार्ड की टीम ने संदिग्ध ईरानी नाव की लगातार निगरानी और ट्रैकिंग की। उसकी गतिविधियां संदिग्ध पाए जाने के बाद टीम ने उसका पीछा किया और आखिरकार नाव को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में नशीला पदार्थ मिला। यह कार्रवाई 25 सितंबर को की गई थी, लेकिन इसकी जानकारी अब सामने आई है।
526 किलो में हेरोइन और मेथामफेटामाइन
तलाशी में बरामद ड्रग्स में हाई-ग्रेड मेथामफेटामाइन और हेरोइन शामिल है। कुल मात्रा करीब 526 किलो बताई गई है। अधिकारियों के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 3 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा है।
कार्रवाई के दौरान नाव पर पांच पाकिस्तानी नागरिक भी मिले। सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए मुंबई लाया गया है। कोस्ट गार्ड के मुताबिक नाव, उसके चालक दल और जब्त ड्रग्स को सुरक्षा के बीच मुंबई पहुंचाया गया, जहां संयुक्त पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अहमदाबाद में नाइजीरियन की वांटेड आरोपी से मुलाकात का इनपुट
गुजरात ATS के DIG सुनील जोशी के अनुसार, कुछ समय पहले एक नाइजीरियन व्यक्ति की गुजरात के एक वांटेड व्यक्ति से अहमदाबाद में मुलाकात हुई थी। इस बैठक में ड्रग्स की डील को लेकर बातचीत हुई थी। जांच के मुताबिक ‘आजाद’ नाम की ईरानी बोट के जरिए करीब 500 किलो MD ड्रग्स और हेरोइन मंगाने की बात हुई थी। इसके लिए हवाला के जरिए एडवांस रकम भेजे जाने की जानकारी भी सामने आई थी। इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने के लिए ATS जांच कर रही है।
ड्रग्स को तमिलनाडु पहुंचाने की तैयारी थी
जांच के अनुसार ड्रग्स की यह खेप समुद्र के रास्ते लक्षद्वीप और मुंबई होते हुए तमिलनाडु तक पहुंचाने की तैयारी थी। लेकिन इससे पहले ही संयुक्त ऑपरेशन में इसे पकड़ लिया गया। बताया गया है कि नाव लक्षद्वीप से करीब 160 नॉटिकल मील और मुंबई से करीब 490 नॉटिकल मील दूर थी। पिछले करीब 15 दिनों से समुद्र में संदिग्ध नावों पर नजर रखी जा रही थी। इस दौरान कई नावों को रोककर उनकी तलाशी ली गई। इसी अभियान के दौरान संदिग्ध ईरानी नाव को भी रोका गया।
पाकिस्तान से स्पीड बोट के जरिए ड्रग्स पहुंचाई गई
जांच में यह भी सामने आया है कि आजाद बोट ईरान के कोनारक से रवाना हुई थी। इसके बाद पाकिस्तान से आई एक स्पीड बोट के जरिए उसे ड्रग्स की खेप दिए जाने की बात सामने आई है। इसके बाद यह नाव लक्षद्वीप की तरफ बढ़ी, जहां भारतीय एजेंसियों ने उसे पकड़ लिया।
तमिलनाडु के बाद पंजाब पहुंचनी थी खेप
एजेंसियों के अनुसार ड्रग्स की खेप को तमिलनाडु में नाव के जरिए उतारने की योजना थी। इसके बाद इसे आगे पंजाब तक पहुंचाया जाना था। जांच में एक नाइजीरियन व्यक्ति के पंजाब में इस ड्रग्स की डिलीवरी लेने की बात भी सामने आई है। उसकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।
गुजरात ATS में दर्ज हुआ केस
पूरे मामले में गुजरात ATS ने केस दर्ज किया है और आगे की जांच भी ATS ही करेगी। पकड़े गए पांचों पाकिस्तानी नागरिकों से पूछताछ के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ड्रग्स की खेप कहां से लाई गई थी, इसके पीछे कौन लोग हैं और भारत में इसकी डिलीवरी किसे की जानी थी। कोस्ट गार्ड के मुताबिक यह कार्रवाई समुद्री रास्ते से होने वाली अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी को रोकने के लिए खुफिया इनपुट, लगातार निगरानी और समुद्री कार्रवाई के समन्वय का हिस्सा थी। जब्त ड्रग्स और पकड़े गए लोगों को मुंबई लाकर आगे की संयुक्त जांच और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पहले भी 1800 करोड़ रुपए की ड्रग्स जब्त की जा चुकी है
यह पहला मौका नहीं है जब गुजरात एटीएस ने इस तरह की कार्रवाई की हो। इससे पहले भी कई बार ड्रग्स की खेप पकड़ी जा चुकी है। इसके बावजूद लगातार इस तरह के मामले सामने आ रहे हैं। बता दें कि इससे पहले अप्रैल 2025 में भी गुजरात तट के पास ATS और भारतीय तटरक्षक बल ने करीब 311 किलो मेथामफेटामाइन जब्त की थी, जिसकी कीमत 1,800 करोड़ रुपए बताई गई थी। यह खेप पाकिस्तान से तमिलनाडु ले जाना था।

