- Hindi News
- खेल
- अगर भारत-वेस्टइंडीज मैच रद्द हो जाता है, तो सेमीफाइनल की टिकट किसे मिलेगी? ये हैं नियम
अगर भारत-वेस्टइंडीज मैच रद्द हो जाता है, तो सेमीफाइनल की टिकट किसे मिलेगी? ये हैं नियम
T20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण में भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाला मैच अब करो या मरो जैसा बन चुका है। 1 मार्च, 2026 को कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेला जाने वाला यह मैच वर्चुअल क्वार्टर फाइनल जैसा है। यह मैच ग्रुप-1 से दूसरी सेमीफाइनलिस्ट कौन होगी, यह तय करेगा। लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर यह मैच किसी भी कारण से रद्द हो जाता है, तो क्या होगा? भारत और वेस्टइंडीज में से कौन-सी टीम सेमीफाइनल में पहुंचेगी?
मैच रद्द हुआ तो सेमीफाइनल में किसे टिकट मिलेगा?
फिलहाल, ग्रुप-1 की पॉइंट टेबल में भारत और वेस्टइंडीज के बराबर अंक हैं। वेस्टइंडीज 2 अंक के साथ दूसरे स्थान पर है। वहीं भारत के भी 2 अंक हैं, लेकिन नेट रन रेट के कारण वह तीसरे स्थान पर है। इस मैच को जीतने वाली टीम 4 अंकों के साथ सीधे सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी। लेकिन अगर भारत और वेस्ट इंडीज के बीच का मैच बारिश के कारण धुल जाता है या कोई नतीजा नहीं निकलता, तो ICC के नियमों के मुताबिक दोनों टीमों को 1-1 अंक मिलेगा।
इस स्थिति में दोनों टीमों के कुल अंक 3-3 हो जाएंगे। सेमीफाइनल में पहुंचने वाली टीम का फैसला नेट रन रेट (NRR) के आधार पर किया जाएगा। वेस्टइंडीज का NRR +1.791 है, जो भारत के -0.100 से काफी बेहतर है। यानी अगर बारिश या किसी अन्य कारण से मैच रद्द किया जाता है, तो वेस्टइंडीज सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी और भारत टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगा। यह भारतीय फैंस के लिए बड़ा झटका होगा।
मैच के दिन कोलकाता में मौसम कैसा रहेगा?
मौसम रिपोर्ट्स के मुताबिक, 1 मार्च को कोलकाता में बारिश की कोई संभावना नहीं है। मैच के दौरान मौसम पूरी तरह साफ रहने की उम्मीद है। यानी फैंस को पूरा मैच देखने को मिलेगा, और टीमें अपने प्रदर्शन के आधार पर सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी। दोनों टीमें 10 साल बाद T20 वर्ल्ड कप में आमने-सामने होंगी। पिछली बार भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में भारत की नजर हिसाब बराबर करने पर भी रहेगी।

