- Hindi News
- राष्ट्रीय
- फाइटर हेलिकॉप्टर प्रचंड में द्रौपदी मुर्मू ने भरी उड़ान, ऐसा करने वाली पहली राष्ट्रपति; बोलीं- जय हि...
फाइटर हेलिकॉप्टर प्रचंड में द्रौपदी मुर्मू ने भरी उड़ान, ऐसा करने वाली पहली राष्ट्रपति; बोलीं- जय हिंद, जय भारत
जैसलमेर। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को इतिहास रच दिया। उन्होंने जैसलमेर एयरफोर्स स्टेशन से स्वदेशी लाइट कॉम्बैट हेलिकॉप्टर प्रचंड में उड़ान भरी। वे हेलिकॉप्टर प्रचंड में बतौर को-पायलट उड़ान भरने वाली देश की पहली राष्ट्रपति हैं। बता दें कि राष्ट्रपति मुर्मू इससे पहले लड़ाकू विमान सुखोई और राफेल में उड़ान भरकर देश की पहली राष्ट्रपति बनी थीं। उड़ान के दौरान राष्ट्रपति ने हेलिकॉप्टर के कॉकपिट से सैल्यूट किया। राष्ट्रपति मुर्मू सुबह करीब 9:15 बजे जैसलमेर वायुसेना स्टेशन पहुंची थीं। जैसलमेर के सोनार दुर्ग के ऊपर प्रचंड हेलिकॉप्टर में उड़ान भरते हुए राष्ट्रपति ने रेडियो के माध्यम से देश के नाम संदेश दिया। उन्होंने कहा कि मैं प्रचंड हेलिकॉप्टर में उड़ान भर रही हूं। प्रचंड हेलिकॉप्टर आत्मनिर्भरता का प्रबल प्रतीक है। हेलिकॉप्टर में 25 मिनट उड़ान के दौरान राष्ट्रपति ने सीमावर्ती क्षेत्रों और पोकरण फील्ड फायरिंग रेंज का हवाई जायजा लिया। वहीं, पाकिस्तान बॉर्डर के पास राजस्थान के पोकरण फील्ड फायरिंग रेंज (जैसलमेर) में शुक्रवार शाम एयरफोर्स का सबसे बड़ा युद्धाभ्यास 'वायु शक्ति-2026' होगा। युद्धाभ्यास में सशस्त्र बलों की सर्वोच्च कमांडर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी मौजूद रहेंगी।
उड़ान भरते समय देश के नाम संदेश दिया…
उड़ान भरते समय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बोले- मैं इस समय जैसलमेर के प्रसिद्ध किले के ऊपर से उड़ान भर रही हूं। मैं देश के वीर सैनिकों को गर्व के साथ धन्यवाद देती हूं। मेरा सभी को प्यार भरा नमस्कार। जय हिंद, जय भारत।
तीन साल पहले हेलिकॉप्टर प्रचंड एयरफोर्स के बेड़े में शामिल हुआ था
बता दें कि हेलिकॉप्टर प्रचंड तीन साल पहले नवरात्रि पर एयरफोर्स के बेड़े में शामिल हुआ था। तब रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी इसमें उड़ान भरी थी। उन्होंने कहा था कि यह भारत का विजय रथ है। दुश्मनों को आसानी से चकमा दे सकता है। इसके नाम के साथ भले ही लाइट जुड़ा हो, लेकिन इसका काम भारी है।

