- Hindi News
- राष्ट्रीय
- अब बिना एक्टिव सिम के नहीं चला पाएंगे वॉट्सएप और टेलीग्राम
अब बिना एक्टिव सिम के नहीं चला पाएंगे वॉट्सएप और टेलीग्राम
नई दिल्ली। एक मार्च से मैसेजिंग एप के लिए केंद्र सरकार का ‘सिम बाइडिंग’ नियम लागू हो गए हैं। अब वॉटसएप, टेलीग्राम, सिग्नल जैसे मैसेजिंग एप इसी मोबाइल नंबर से चल पाएंगे जिसका सिम फोन में एक्टिव हो। इसका मतलब है कि जिस नंबर से व्हाट्सएप अकाउंट बनाया है, वहीं सिम आपके फोन में होना जरूरी है। अगर आपने सिम निकाला है, बंद किया है या किसी और हैंडसैट में डाला है तो आपका व्हाट्सएप काम करना बंद कर देगा। इसके पीछे सरकार का मकसद है कि देश में बढ़ रहे साइबर फ्रॉड रोका जा सके और डिजिटल धोखाधड़ी से यूजर्स को बचाया जा सके।
इसलिए अब सिम इनएक्टिव या बंद रहने पर व्हाट्सएप काम नहीं करेगा। इसके अलावा व्हाट्सएप, टेलीग्राम अकाउंट अब तभी काम करेगा जब उनसे कनेक्टेड नंबर वाला सिम उस फोन में लगा होगा जिससे ये अकाउंट यूज किए जा रहे हैं। बता दें कि दूरसंचार मंत्रालय ने 28 नवंबर 2025 को सिम बाइंडिग नियमों का ऐलान किया था और इन्हें लागू करने के लिए इन सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म कंपनियों को 90 दिनों का समय दिया था जो समय सीमा 28 फरवरी को खत्म हो गई। अब सभी मैसेजिंग एप को केंद्र सरकार के इस नए नियम का पालन करना होगा, अन्यथा सरकार की ओर से उचित कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि व्हाट्सएप ने इसको लेकर कवायद शुरू कर दी है।
डेस्कटॉप लॉगिन पर भी पड़ेगा असर
बता दें कि वेब और डेस्कटॉप लॉगिन पर भी हर 6 घंटे में आपका अकाउंट लॉग-आउट हो जाएगा और इसे क्यूआर कोड से दोबारा लॉगिन करना होगा। ताकि सुरक्षा को और पुख्ता किया जा सके।
ऐसे फैसले की जरूरत क्यों पड़ी?
यह समझना जरूरी है कि आखिर सरकार को इतना बड़ा कदम क्यों उठाना पड़ा? दरअसल सरकार की कोशिश है कि साइबर ठगों, साइबर क्रिमिनल्स और डिजिटल अरेस्ट करने वालों पर लगाम लगाई जा सके। सरकार के इस कदम से आम लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है। इससे आमजन को कोई नुकसान नहीं होगा। हां, कुछ बातों का ध्यान जरूर रखना होगा। जैसे कि एक्टिव सिम अगर फोन में नहीं है तो व्हा्टसएप, टेलीग्राम नहीं चला पाएंगे। सिम निकालकर दूसरे फोन में डालने पर व्हा्टसएप रुक जाएगा। अगर आप सिम निकालते हैं तो व्हाट्सएप कुछ समय के लिए इनएक्टिव हो सकता है और आपको दोबारा अपने हैंडसेट में सिम डालकर लॉगिन प्रॉसिस करना पड़ेगा। बता दें कि अक्सर साइबर अपराधी सिम निकालकर केवल वाई-फाई के जरिए मैसेजिंग एप्स का इस्तेमाल कर धोखाधड़ी करते थे। अब सिम हटते ही एप अपने आप लॉगआउट हो जाएगा। इससे फ्रॉड रोकने में मदद मिलेगी।

