- Hindi News
- राष्ट्रीय
- मेरठ: प्रेमी संग मिलकर रची खौफनाक साजिश! पहले नींद की गोलियां, फिर सांप से डसवाकर की पति की हत्या
मेरठ: प्रेमी संग मिलकर रची खौफनाक साजिश! पहले नींद की गोलियां, फिर सांप से डसवाकर की पति की हत्या
मेरठ के हस्तिनापुर में निजी स्कूल संचालक अतुल कुमार पंवार की मौत के मामले में पुलिस जांच में चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। शुरुआती तौर पर यह मामला सामान्य सर्पदंश का लग रहा था, लेकिन जांच में सामने आया कि अतुल की पत्नी दामिनी ने अपने कथित प्रेमी तुषार और दो सपेरों के साथ मिलकर उनकी हत्या की साजिश रची थी। पुलिस ने दामिनी, तुषार और दोनों सपेरों सोनू व उदय कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, अतुल को पहले दूध में नींद की गोलियां मिलाकर दी गईं। इसके बाद जब वह नींद में सो गए तो उन पर दो बार सांपों से डसवाया गया। घटना के बाद सांप को कमरे में ही छोड़ दिया गया ताकि मौत को सामान्य सर्पदंश का मामला दिखाया जा सके। सुबह दामिनी ने आसपास के लोगों को बताया कि अतुल को सांप ने काट लिया है। मौके पर पहुंचे लोगों ने बिस्तर पर मौजूद सांप को मार दिया, जबकि अतुल के हाथ और पैर पर सांप के डसने के निशान मिले।
जांच में यह भी सामने आया कि अतुल की पत्नी दामिनी का स्कूल में बस चालक के रूप में काम करने वाले तुषार से प्रेम प्रसंग चल रहा था। पुलिस का दावा है कि दोनों ने अतुल को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी। आरोप है कि हत्या के पीछे 20 लाख रुपये की बीमा राशि हासिल करने की भी साजिश थी। तय हुआ था कि इस रकम में से पांच लाख रुपये दोनों सपेरों को दिए जाएंगे।
एसएसपी अविनाश पांडेय के अनुसार, हत्या की योजना कई दिनों से बनाई जा रही थी। पुलिस पूछताछ में पता चला कि घटना से दो दिन पहले तुषार ने एक मेडिकल स्टोर से 15 नींद की गोलियां खरीदी थीं। इनमें से 10 गोलियां दामिनी ने दूध में मिलाकर अतुल को पिला दी थीं।
पुलिस ने यह भी खुलासा किया कि यह पहली कोशिश नहीं थी। करीब 20 दिन पहले तुषार ने अतुल की स्कूटी को कार से टक्कर मारकर सड़क हादसे में उनकी हत्या की कोशिश की थी, लेकिन उस हादसे में अतुल मामूली रूप से घायल हुए थे। अतुल कार चालक के खिलाफ शिकायत करना चाहते थे, लेकिन दामिनी ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया था।
मृतक के पिता अजब सिंह ने भी अपनी बहू पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि दामिनी ने पहले अतुल को परिवार से अलग किया। उसने ज्योतिष की सलाह का हवाला देकर अतुल को चार साल तक परिवार से दूर रहने के लिए राजी किया और दोनों किराये के मकान में रहने लगे। अजब सिंह का आरोप है कि करीब चार महीने पहले भी दामिनी ने अतुल को कोई नशीला पदार्थ खिलाया था, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। उनका मानना है कि बेटे की हत्या की साजिश काफी समय पहले से रची जा रही थी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि हत्या की साजिश, आरोपियों की भूमिका और अन्य सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

