- Hindi News
- खेल
- टिम डेविड पर प्रतिबंध; BCCI ने आधी कमाई काट ली, IPL चैंपियन बनने के एक दिन बाद ही दिया झटका, जानिए क...
टिम डेविड पर प्रतिबंध; BCCI ने आधी कमाई काट ली, IPL चैंपियन बनने के एक दिन बाद ही दिया झटका, जानिए क्या है पूरा मामला
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने IPL 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मैच में बैंगलोर ने गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर लगातार दूसरी IPL ट्रॉफी अपने नाम की। लेकिन, जहां RCB के खिलाड़ी और प्रशंसक अभी भी इस ट्रॉफी जीत का जश्न मना रहे थे, वहीं एक दिन बाद टीम के स्टार खिलाड़ी टिम डेविड पर प्रतिबंध लगा दिया गया। मैदान पर नियमों के उल्लंघन के कारण BCCI ने विस्फोटक बल्लेबाज डेविड पर एक मैच का प्रतिबंध लगाया, जबकि उनकी मैच फीस भी काट ली गई।
IPL फाइनल में इस गलती की मिली सजा
IPL फाइनल के एक दिन बाद सोमवार, 1 जून को BCCI ने एक प्रेस रिलीज जारी कर टिम डेविड को दी गई सजा की जानकारी दी और इसके पीछे के कारण बताए। विस्फोटक बल्लेबाज डेविड को बैंगलोर की फील्डिंग के दौरान आचार संहिता का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया। इसके अनुसार, गुजरात की पारी के 10वें ओवर में विकेट गिरने के बाद डेविड ने आक्रामक अंदाज में अंपायर नितिन मेनन की ओर आइस बैग फेंका था।
BCCI ने बताया कि टिम डेविड की यह हरकत IPL आचार संहिता की धारा 2.9 का उल्लंघन थी, जो किसी खिलाड़ी या मैच अधिकारी पर गेंद या किसी अन्य वस्तु फेंकने से संबंधित है। इस हरकत के लिए डेविड को लेवल-1 का दोषी माना गया और उनकी मैच फीस का 50 प्रतिशत काट लिया गया। इसके साथ ही उनके खाते में दो डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ दिए गए। डेविड ने मैच रेफरी के सामने अपनी गलती स्वीकार कर ली और यह सजा भी मान ली।
बड़ी बात यह है कि डेविड पर एक मैच का प्रतिबंध इसलिए लगाया गया है क्योंकि इस सीजन में उन्होंने इस तरह की तीसरी गलती की थी और हर बार उनके खाते में डिमेरिट पॉइंट जोड़े गए थे। पहली गलती उन्होंने सीजन के 20वें मैच के दौरान की थी, जिसके लिए उन्हें एक डिमेरिट पॉइंट मिला था। इसके बाद 54वें मैच के दौरान उन्हें फिर से यह सजा मिली, जिसमें उनके खाते में दो डिमेरिट पॉइंट जोड़े गए। तीसरी गलती के बाद उनके कुल 5 डिमेरिट पॉइंट हो गए, जिसके कारण उन पर एक मैच का प्रतिबंध लगा।
वर्तमान सीजन समाप्त हो चुका है, ऐसे में टिम डेविड पर लगा यह प्रतिबंध अगले साल लागू होगा, जब वह बैंगलोर (या किसी अन्य टीम) का प्रतिनिधित्व करेंगे। इसके कारण वह अगले सीजन का पहला मैच नहीं खेल पाएंगे। डेविड ऐसे दूसरे खिलाड़ी हैं, जिन पर एक सीजन के दौरान प्रतिबंध लगा, लेकिन उन्हें यह सजा अगले सीजन में पूरी करनी पड़ी। इससे पहले IPL 2024 सीजन में मुंबई इंडियंस के अंतिम मैच में कप्तान हार्दिक पंड्या तीसरी बार स्लो ओवर-रेट के लिए दोषी पाए गए थे, जिसके कारण उन पर एक मैच का प्रतिबंध लगाया गया था। इसके परिणामस्वरूप वह 2025 सीजन का पहला मैच नहीं खेल पाए थे।

