- Hindi News
- खेल
- आखिर क्यों बार-बार भिड़ते हैं कोहली और गंभीर? पूर्व क्रिकेटर का खुलासा; बोले- गंभीर बेहद अभिमानी हैं...
आखिर क्यों बार-बार भिड़ते हैं कोहली और गंभीर? पूर्व क्रिकेटर का खुलासा; बोले- गंभीर बेहद अभिमानी हैं
पूर्व क्रिकेटर अतुल वासन ने टीम इंडिया के मुख्य कोच गौतम गंभीर के बारे में चौंकाने वाला दावा किया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि गंभीर के आक्रामक व्यक्तित्व की वजह से कुछ खिलाड़ियों के साथ टकराव हो रहा है। वासन और गंभीर के संबंध अच्छे नहीं रहे हैं। दिल्ली की कप्तानी से हटाए जाने के बाद गंभीर का वासन के साथ विवाद हुआ था। उस समय वासन दिल्ली के चयनकर्ता थे। गंभीर ने चयनकर्ताओं पर आरोप लगाया था कि उन्हें कप्तानी से हटाए जाने की जानकारी नहीं दी गई थी। वासन ने गंभीर को बेहद घमंडी व्यक्ति बताया और उन्हें धमकी देने वाला इंसान भी कहा था।
वासन ने एक मीडिया चैनल में कहा था, 'मैं उसे बचपन से व्यक्तिगत रूप से जानता हूं। हमारे बीच कुछ समस्याएं रही हैं। उसका व्यवहार "माय वे ऑर द हाईवे" जैसा है। वह ऐसा ही है। वह बहुत धौंस और धमकी देता है। दिल्ली क्रिकेट में भी वह ऐसा ही था। उसका स्वभाव ही ऐसा है। वह शुरू से ही पैसे वाला इंसान था। उसका स्वभाव प्राकृतिक रूप से ऐसा था। वह एक महान खिलाड़ी और बुद्धिमान था। उसका अभिमान अलग ही प्रकार का है। उसे ऐसा लगता है कि अगर वह सुबह को रात कह दे, तो लोग मान लेंगे कि रात हो गई है। मेरी ही बात माननी है। अगर आप ऐसा नहीं करेंगे तो आप मेरी हिट लिस्ट में हैं। वह आपको नुकसान पहुंचाने की कोशिश करेगा, लेकिन उसने क्रिकेट में बहुत कुछ हासिल किया है, और उसके स्वभाव ने उसे क्रिकेट में मदद की है।'
उन्होंने आगे कहा, 'वह जिस तरह का खिलाड़ी बना है, वह उसके स्वभाव की वजह से है। जब तक वह लड़ाई नहीं करता, तब तक वह अपना सर्वश्रेष्ठ नहीं दे सकता। शायद वह अपने घर में आईने के सामने भी लड़ता होगा। उसे मूड में आने के लिए लड़ाई की जरूरत होती है। यही वजह है कि वह विराट कोहली से टकरा रहा है। उसकी दिल्ली वाली अत्यधिक आक्रामकता और अल्फा-पुरुष व्यक्तित्व। वह हारा भी है और जीता भी है।' वासन ने आरोप लगाया कि टीम इंडिया के कुछ खिलाड़ी गंभीर के मैनेजमेंट से नाराज हैं। उन्होंने कहा कि डंडे का जोर तब तक चलता है, जब तक टीम जीत रही होती है।
पूर्व क्रिकेटर ने कहा, 'मुझे यकीन है कि सभी खिलाड़ी खुश नहीं हो सकते। कोई न कोई नाराज जरूर होगा। ऐसा होता है। ऐसे मजबूत व्यक्तित्व के साथ, व्यक्तिगत पसंद और नापसंद होती हैं। जब आप डंडे के जोर पर टीम का नेतृत्व करते हैं और जीत रहे होते हैं, तब तक तो ठीक है। लेकिन अगर आप हार जाते हैं, तो आपको आलोचना का सामना करना पड़ेगा।' जब वासन से मुख्य कोच से नाराज खिलाड़ियों के नाम पूछे गए, तो उन्होंने कहा, 'मैं उनमें से 1-2 खिलाड़ियों को जानता हूं। वे खुलकर नहीं कहेंगे। मैं इस शो में उनके नाम नहीं बता सकता। सभी जानते हैं कि क्या चल रहा है। लेकिन अगर आप उन 2-4 खिलाड़ियों को साइडलाइन करने के बाद भी जीत जाते हैं, तो वह आपकी दुनिया है। यह एक टीम स्पोर्ट है। कोई भी खिलाड़ियों की नहीं सुनेगा। अगर यह सब होने के बावजूद भी कोच जीतता है, तो कोच सही है और खिलाड़ी गलत हैं।'

