- Hindi News
- खेल
- दरियादिली: हार्दिक ने वानखेड़े स्टेडियम के ग्राउंड स्टाफ को 10-10 लाख रुपये के चेक दिए
दरियादिली: हार्दिक ने वानखेड़े स्टेडियम के ग्राउंड स्टाफ को 10-10 लाख रुपये के चेक दिए
भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या न केवल मैदान पर, बल्कि अपनी लाइफस्टाइल के लिए भी जाने जाते हैं। लग्जरी घड़ियों से लेकर महंगी स्पोर्ट्स कारों तक, हार्दिक पंड्या अपने ऐसे शौकों के लिए प्रसिद्ध हैं। हालांकि, हार्दिक कभी-कभी मैदान पर या मैदान के बाहर अपने व्यवहार के कारण लोगों के निशाने पर भी रहते हैं। लेकिन हार्दिक पंड्या एक दिलदार इंसान भी हैं और कई बार ऐसा देखने को मिला है। मगर इस बार उन्होंने जो किया, वह बहुत कम देखने को मिलता है। हार्दिक ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में ग्राउंड स्टाफ को एक खास वजह से 10-10 लाख रुपये के चेक बांटे।
रिपोर्ट्स के अनुसार, IPL 2026 सीजन शुरू होने से पहले, मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या ने वानखेड़े स्टेडियम में काम करने वाले मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के ग्राउंड स्टाफ के लगभग 10-11 लोगों को ये चेक दिए थे। हालांकि, अगर आप सोच रहे हैं कि यह IPL के दौरान अच्छी पिच तैयार करने के लिए दिया गया है, तो ऐसा बिल्कुल नहीं है। हार्दिक ने जो भावुक कर देने वाला काम किया है, उसके पीछे की वजह उनका कुछ समय पहले किया गया एक वादा है।
सूत्रों के अनुसार, हार्दिक ने ग्राउंड स्टाफ के सदस्यों को 10-10 लाख रुपये इसलिए दिए क्योंकि उन्होंने कुछ समय पहले भारतीय ऑलराउंडर की मदद की थी। रिपोर्ट में बताया गया है कि T20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले, हार्दिक वानखेड़े स्टेडियम में ही तैयारी कर रहे थे और इस दौरान वे कई बार देर रात तक अभ्यास करते थे, जिसके कारण ग्राउंड स्टाफ को भी अधिक समय तक रुकना पड़ता था। लेकिन उन्होंने हार्दिक की तैयारी में कोई कमी नहीं छोड़ी।
उस समय पंड्या ने वादा किया था कि जब वह दोबारा यहां आएंगे, तो उन्हें इनाम देंगे। मुंबई इंडियंस के कप्तान ने यह वादा नहीं भुलाया और उसे पूरा भी किया। मुंबई इंडियंस के एक प्रैक्टिस सेशन के बाद उन्होंने उन सभी सदस्यों को 10-10 लाख रुपये दिए, जिन्होंने अभ्यास के दौरान उनकी मदद की थी। इन सभी ने हार्दिक के साथ एक तस्वीर भी खिंचवाई, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, और हर कोई मुंबई के कप्तान की तारीफ कर रहा है।

