- Hindi News
- राष्ट्रीय
- पेट्रोल-डीजल की कमी महज अफवाह! मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनता से धैर्य रखने की अपील
पेट्रोल-डीजल की कमी महज अफवाह! मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनता से धैर्य रखने की अपील
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में ईंधन और रसोई गैस (LPG) को लेकर मची अफरातफरी के बीच जनता को संबोधित किया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि घबराहट में आकर (Panic Buying) अनावश्यक रूप से पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों पर भीड़ लगाने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्य में ईंधन और गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोग बेवजह घबराकर गैस सिलेंडर और पेट्रोल के लिए लंबी लाइनों में लग रहे हैं। उन्होंने एक महत्वपूर्ण उदाहरण देते हुए कहा पहले जो गैस सिलेंडर एक महीने तक चलता था, अब लोग डर के मारे उसे 5-6 दिन में ही दोबारा भरवाने या नया सिलेंडर लेने पहुँच रहे हैं। यह प्रवृत्ति व्यवस्था पर अनावश्यक दबाव डाल रही है। सीएम ने साफ किया कि गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी व्यवस्था पहले की तरह सुचारू रूप से चलती रहेगी। जिला प्रशासन को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि एजेंसियां लोगों के घर तक सिलेंडर पहुंचाना सुनिश्चित करें ताकि किसी को लाइन में न लगना पड़े।

मध्य पूर्व युद्ध और वैश्विक ऊर्जा संकट का असर
मुख्यमंत्री ने मौजूदा स्थिति को वैश्विक संदर्भ से जोड़ते हुए कहा कि दुनिया के कई हिस्सों, विशेषकर मध्य पूर्व (Middle East) में युद्ध और अस्थिरता का माहौल है। अगर यह युद्ध लंबा चलता है, तो इसका असर हर व्यक्ति पर पड़ सकता है। हमें इसके लिए मानसिक रूप से तैयार रहना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सुरक्षित है और विकास की राह पर है।

गौरतलब है कि 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए संयुक्त हमले के बाद पश्चिम एशिया में युद्ध की ज्वाला भड़क उठी है। इस हमले में ईरान के शीर्ष नेतृत्व की मृत्यु के बाद स्थिति और गंभीर हो गई है. दुनिया के कई देशों में कच्चे तेल और गैस की किल्लत शुरू हो गई है, जिससे एशियाई देश सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।
सावधान रहें: अफवाह फैलाने वालों पर होगी नजर
योगी आदित्यनाथ ने आगाह किया कि कुछ असामाजिक तत्व अफवाहें फैलाकर माहौल खराब करने और अव्यवस्था पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि केवल जरूरत पड़ने पर ही पेट्रोल-डीजल लेने जाएं। अफवाहों पर ध्यान न दें और सरकार का सहयोग करें। चुनौतीपूर्ण समय में सरकार के साथ खड़े रहना ही सच्ची राष्ट्रभक्ति है।

