- Hindi News
- राष्ट्रीय
- गरीबों की गरीबी दूर करने की जिम्मेदारी थी, खुद बना ली 4.75 करोड़ की संपत्ति; 1.8 किलो सोना और फॉर्च्...
गरीबों की गरीबी दूर करने की जिम्मेदारी थी, खुद बना ली 4.75 करोड़ की संपत्ति; 1.8 किलो सोना और फॉर्च्यूनर भी मिली
जिस विभाग की जिम्मेदारी शहरी क्षेत्रों में रहने वाले गरीब परिवारों की मदद करने की है, उसी विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी पर आय से अधिक संपत्ति जुटाने का आरोप लगा है। मामला तेलंगाना का है। यहां एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने 'मिशन फॉर एलिमिनेशन ऑफ पॉवर्टी इन म्युनिसिपल एरियाज' (MEPMA) के एडिशनल डायरेक्टर सैयद यादागिरी राव नल्लागुंटा के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया है।
ACB के मुताबिक, अधिकारी पर अपनी ज्ञात आय से अधिक संपत्ति जमा करने का आरोप है। शुरुआती जांच में अधिकारियों ने 10 ठिकानों पर छापेमारी की। इनमें अधिकारी का आवास, कार्यालय, बैंक लॉकर और उनके रिश्तेदारों, करीबी सहयोगियों तथा कथित 'बेनामीदारों' से जुड़ी संपत्तियां शामिल हैं।
इस कार्रवाई में करीब 4.75 करोड़ रुपये की संपत्ति का पता चला है। इसमें हैदराबाद और सूर्यापेट में जमीन, मकान और फ्लैट, सोने-चांदी के गहने, गाड़ियां, बैंक में जमा रकम और घरेलू सामान शामिल हैं। हालांकि, बरामद संपत्तियों की वास्तविक बाजार कीमत आधिकारिक अनुमान से अधिक हो सकती है।
तेलंगाना ACB की रंगा रेड्डी रेंज ने सैयद यादागिरी राव नल्लागुंटा के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। इसके बाद ACB की टीमों ने एक साथ 10 ठिकानों पर छापेमारी की। घर और कार्यालय की तलाशी के अलावा अधिकारियों ने बैंक लॉकर और उन संपत्तियों की भी जांच की, जो कथित तौर पर अधिकारी के रिश्तेदारों, सहयोगियों और 'बेनामीदारों' से जुड़ी हैं।
ACB ने बताया कि शुरुआती जांच में करीब 4,75,61,171 रुपये की संपत्ति का पता चला है। हालांकि, जांच अभी जारी है। संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।
ACB के मुताबिक, अधिकारी से जुड़ी अचल संपत्तियों में हैदराबाद और सूर्यापेट में 12 खाली प्लॉट शामिल हैं, जिनकी कीमत 58.63 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा हैदराबाद के उप्पल इलाके में दो रिहायशी फ्लैट भी मिले हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 31.36 लाख रुपये बताई गई है।
इसी इलाके में एक G+3 इमारत भी मिली है। यानी ऐसी इमारत, जिसमें ग्राउंड फ्लोर के ऊपर तीन मंजिलें हों। इसके साथ एक पेंटहाउस भी है। इस पूरी इमारत की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बताई गई है।
सूर्यापेट जिले में RCC छत वाला एक मकान भी मिला है, जिसकी कीमत करीब 4.75 लाख रुपये है। इसके अलावा उप्पल में एक दुकान भी मिली है, जिसकी अनुमानित कीमत 1.06 लाख रुपये बताई गई है। इस तरह जांच में जमीन, रिहायशी मकान और व्यावसायिक संपत्तियों का पता चला है।
छापेमारी के दौरान ACB को जमीन और मकानों के अलावा कीमती गहने और वाहन भी मिले हैं। अधिकारियों के मुताबिक, करीब 1,792.2 ग्राम सोने के गहने बरामद हुए हैं, जिनकी कीमत लगभग 33.82 लाख रुपये है। इसके अलावा करीब 3 किलो चांदी के गहने भी मिले हैं, जिनकी कीमत 1.80 लाख रुपये बताई गई है।
वाहनों की बात करें तो अधिकारी से जुड़ी संपत्तियों में एक टोयोटा फॉर्च्यूनर और एक अन्य कार शामिल है। इनकी कुल कीमत करीब 73 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा लगभग 2.80 लाख रुपये कीमत के तीन दोपहिया वाहन भी मिले हैं।
ACB की सूची में करीब 29.08 लाख रुपये के घरेलू सामान और लगभग 7.01 लाख रुपये के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी शामिल हैं। विभिन्न बैंक खातों में करीब 32.30 लाख रुपये जमा होने की जानकारी भी सामने आई है। ACB के शुरुआती अनुमान के मुताबिक, इन सभी संपत्तियों की कुल कीमत करीब 4.75 करोड़ रुपये है।
हालांकि, ब्यूरो का कहना है कि इन संपत्तियों की बाजार कीमत आधिकारिक मूल्यांकन से काफी अधिक हो सकती है। अधिकारियों के मुताबिक, अन्य संपत्तियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। दस्तावेजों, बैंक खातों और संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड की जांच जारी है।
ACB के अनुसार, संबंधित अधिकारी को हैदराबाद में भ्रष्टाचार निरोधक मामलों की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा, जहां उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
अगर कोई सरकारी अधिकारी रिश्वत मांगे तो कहां करें शिकायत?
इस कार्रवाई के साथ तेलंगाना ACB ने लोगों से अपील की है कि अगर कोई सरकारी अधिकारी रिश्वत मांगता है, तो इसकी शिकायत जरूर करें। इसके लिए ब्यूरो ने 1064 नंबर की टोल-फ्री हेल्पलाइन उपलब्ध कराई है। इसके अलावा 9440446106 नंबर पर व्हाट्सऐप के जरिए भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
ACB ने लोगों को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए भी भ्रष्टाचार से जुड़ी जानकारी साझा करने के लिए प्रोत्साहित किया है।
फिलहाल इस मामले की जांच जारी है। जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि इन संपत्तियों को खरीदने के लिए इस्तेमाल किया गया पैसा कहां से आया और क्या इसमें दूसरे लोगों के नाम पर खरीदी गई संपत्तियां भी शामिल हैं।

