- Hindi News
- राष्ट्रीय
- अहमदाबाद में नशे में धुत रईसजादे ने कार से 4 लोगों को कुचला, मां-बेटे की मौत, कार से मिलीं बीयर की ब...
अहमदाबाद में नशे में धुत रईसजादे ने कार से 4 लोगों को कुचला, मां-बेटे की मौत, कार से मिलीं बीयर की बोतलें
अहमदाबाद में शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले रईसजादों का आतंक बढ़ता जा रहा है। अहमदाबाद के निकोल इलाके में नशे में धुत एक शख्स ने फुटपाथ पर मौजूद 4 लोगों को कार से कुचल दिया। इस हादसे में मां और बेटे की मौत हो गई, जबकि 2 लोगों की हालत गंभीर है। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
कार की जोरदार टक्कर के बाद एक युवक कार के बोनट और दीवार के बीच फंस गया। हादसे के बाद का मंजर बेहद दर्दनाक था। कार पीछे नहीं हट पा रही थी, इसलिए मौके पर मौजूद लोगों ने कार को उठाकर युवक को बाहर निकाला।
हादसे में गंभीर चोटों के कारण चणिया-चोली बेचने वाली महिला पूनमबेन जितेंद्रभाई नगवाड़िया और उनके 15 वर्षीय बेटे सागर नगवाड़िया की मौत हो गई। वहीं, खरीदारी कर रहे कार्तिक वसोया (34) और उनकी पत्नी स्नेहलबेन वसोया (34) गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं।
कार चालक की पहचान छोटे चिलोडा निवासी विरल सवजीभाई चौधरी (36) के रूप में हुई है। आरोप है कि हादसे के समय विरल ने शराब पी रखी थी और लापरवाही से कार चलाते हुए सीधे फुटपाथ पर चढ़ गया, जहां उसने लोगों को कुचल दिया। मेडिकल रिपोर्ट में भी उसके नशे में होने की पुष्टि हुई है। कार से बीयर के 6 टिन भी मिले हैं। शुरुआत में 2 बीयर के टिन मिले थे, जबकि पुलिस ने कार की दोबारा तलाशी ली तो 4 और टिन बरामद हुए।
घटना के प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए। हादसे के बाद भागने की कोशिश कर रहे चालक विरल चौधरी को स्थानीय लोगों की भीड़ ने पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो अंदर से बीयर के 2 टिन मिले। भीड़ की पिटाई में घायल चालक को नशे की जांच और मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल ले जाया गया।
I डिवीजन ट्रैफिक पुलिस स्टेशन के PI एस.आई. सुमरा ने बताया, 'रात करीब 9:30 बजे अक्षर अस्पताल के सामने फुटपाथ पर GJ18EF4060 नंबर की फॉर्च्यूनर कार के चालक ने गंभीर हादसा किया। इस दुर्घटना में 4 लोग घायल हुए थे, जिनमें से इलाज के दौरान 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि अन्य 2 का इलाज चल रहा है। मृतकों में पूनमबेन जितेंद्रभाई नगवाड़िया और उनका 15 वर्षीय बेटा सागर जितेंद्रभाई नगवाड़िया शामिल हैं। वहीं, कार्तिकभाई और एक अज्ञात महिला गंभीर रूप से घायल हैं।
उन्होंने आगे बताया, 'हादसा करने वाले चालक विरल सवजीभाई चौधरी की कार से बीयर के टिन मिले हैं। घटना के बाद मौके पर जमा हुई भीड़ ने चालक की पिटाई की थी। इसके बाद उसे नशे की मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। फिलहाल आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 (गैर इरादतन हत्या) और मोटर वाहन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।'
गौरतलब है कि अहमदाबाद में करीब एक महीने पहले इस्कॉन ब्रिज के पास भी एक रईसजादे ने सड़क हादसा किया था। पकवान चार रास्ता की ओर से तेज रफ्तार में आ रही कार के चालक ने स्टीयरिंग से नियंत्रण खो दिया था और सर्विस रोड पर खड़ी कारों को जोरदार टक्कर मार दी थी। हालांकि, इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई थी। घटना का वीडियो भी वायरल हुआ था।

