- Hindi News
- टेक और ऑटाे
- 25 से ज्यादा नए बदलावो के साथ लॉन्च हुई नई Verna, जान लीजिए कीमत
25 से ज्यादा नए बदलावो के साथ लॉन्च हुई नई Verna, जान लीजिए कीमत
हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड ने भारत में Hyundai Verna के अपडेटेड मॉडल को लॉन्च कर दिया है। इस कार की शुरुआती कीमत 10.98 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है। नई मिड-साइज सेडान में 25 से अधिक बदलाव किए गए हैं। इसके अलावा डिजाइन में भी कई अपडेट किए गए हैं, जिससे यह पहले से ज्यादा आकर्षक और दमदार नजर आती है।
2026 Hyundai Verna के फीचर्स
नई Hyundai Verna में कई खास अपडेट्स किए गए हैं। इसमें ब्लैक क्रोम रेडिएटर ग्रिल, नए डिजाइन वाले फ्रंट और रियर बंपर, डुअल LED प्रोजेक्टर हेडलैंप और नए 16 इंच डायमंड कट अलॉय व्हील्स दिए गए हैं। यह सेडान 4,565 mm लंबाई, 1,765 mm चौड़ाई और 2,670 mm व्हीलबेस के साथ आती है, जिससे यह अपने सेगमेंट की सबसे चौड़ी सेडान बनती है और केबिन में यात्रियों को पर्याप्त जगह मिलती है।
इंटीरियर में भी कई प्रीमियम अपग्रेड किए गए हैं। नई Verna में D-कट स्टीयरिंग व्हील, 8-वे इलेक्ट्रिक एडजस्टमेंट, लेदरेट सीट अपहोल्स्ट्री, मेमोरी फंक्शन के साथ ड्राइवर सीट और फ्रंट पैसेंजर के लिए 4-वे इलेक्ट्रिक एडजस्टमेंट जैसे फीचर्स मिलते हैं। इसके अलावा सेगमेंट-फर्स्ट फीचर्स के तौर पर इसमें पैसेंजर सीट इलेक्ट्रिक वॉक-इन डिवाइस, रियर विंडो सनशेड और 528 लीटर का बूट स्पेस भी दिया गया है।
इस सेडान में सेगमेंट का सबसे बड़ा डिस्प्ले सेटअप दिया गया है, जिसमें इंफोटेनमेंट सिस्टम और डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर के लिए डुअल 10.25 इंच की इंटीग्रेटेड स्क्रीन मिलती हैं। इसके साथ ही इसमें वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, Hyundai Bluelink कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी और इलेक्ट्रिक सनरूफ जैसे फीचर्स दिए गए हैं, जिनमें 70 से अधिक कनेक्टेड फीचर्स शामिल हैं।
इसके अलावा, अपडेटेड मॉडल में हुंडई ने कई सेगमेंट-फर्स्ट फीचर्स भी जोड़े हैं। इनमें बोस प्रीमियम 8-स्पीकर साउंड सिस्टम, स्विचेबल इंफोटेनमेंट और क्लाइमेट कंट्रोल इंटरफेस, ब्लाइंड स्पॉट व्यू मॉनिटर और सराउंड व्यू मॉनिटर जैसे फीचर्स शामिल हैं।
2026 Hyundai Verna की कीमत (भारत में)
भारत में Hyundai Verna के बेस वेरिएंट की कीमत 10,98,400 रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है। वहीं, इसके टॉप वेरिएंट के लिए ग्राहकों को लगभग 18,25,000 रुपये (एक्स-शोरूम) तक खर्च करने पड़ सकते हैं।
मुकाबले की बात करें तो भारतीय बाजार में इस सेडान की टक्कर Honda City, Skoda Slavia और Volkswagen Virtus जैसी कारों से होती है।

