- Hindi News
- खेल
- CSK की इतनी खराब हालत क्यों हुई? पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने बताए 4 मुख्य कारण
CSK की इतनी खराब हालत क्यों हुई? पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने बताए 4 मुख्य कारण
चेन्नई सुपर किंग्स इस समय अपने सबसे खराब दौर से गुजर रही है। पांच बार की चैंपियन टीम लगातार 3 साल से IPL प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रही है। शुरुआती मैचों में लगातार हार का सामना करने के बाद, टीम ने टूर्नामेंट के मध्य चरण में अच्छा प्रदर्शन किया था; रुतुराज गायकवाड़ और उनकी टीम के पास प्लेऑफ में पहुंचने का अच्छा मौका था, लेकिन आखिर में लगातार 3 हार के बाद उनका सफर खत्म हो गया। पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने टीम की मौजूदा दुर्दशा के लिए जिम्मेदार चार कारण गिनाए हैं।
खिलाड़ियों की चोटें बनीं मुश्किल
आकाश चोपड़ा ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक वीडियो शेयर करते हुए चार कारण बताए। सबसे पहले, उन्होंने टीम में घायल खिलाड़ियों की बात की। उन्होंने कहा कि, ‘टूर्नामेंट शुरू होने से पहले और बाद में चोटें लगी थीं। डेवाल्ड ब्रेविस पहली 3 मैचों के लिए उपलब्ध नहीं था, और स्पेंसर जॉनसन लंबे समय तक नहीं था। खलील अहमद और उसके बाद आयुष म्हात्रे को चोटें लगीं। जेमी ओवरटन भी घायल हो गया, बड़े-बड़े खिलाड़ी चोटिल हो रहे थे, टीम के लिए काम कभी आसान नहीं था।’
कप्तान रुतुराज गायकवाड़ का खराब फॉर्म
पूर्व क्रिकेटर के मुताबिक टीम की मौजूदा दुर्दशा के लिए कप्तान रुतुराज गायकवाड़ का फॉर्म भी जिम्मेदार रहा। उन्होंने कहा कि, ‘एक सवाल था कि क्या आप आयुष म्हात्रे से ओपनिंग करवा सकते हैं? हालांकि रुतुराज ने कहा कि, मैं ही करूंगा, उसने ओपनिंग की, लेकिन उसका फॉर्म साधारण रहा। रन भी नहीं बने और उसका एप्रोच भी सवालों के घेरे में रहा।’
नीलामी की रणनीति
आकाश चोपड़ा ने चेन्नई सुपर किंग्स की नीलामी रणनीति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि, ‘वह अच्छी नहीं रही क्योंकि आपके पास डेवाल्ड ब्रेविस नहीं था, मैथ्यू शॉर्ट को खिला नहीं सकते थे क्योंकि आपकी टीम में सिर्फ दो विदेशी बल्लेबाज थे। आप जैक फॉक्स को एक भी मैच नहीं खिला सके, आपने मैट हेनरी को मौका दिया था, लेकिन जल्द ही उस पर से भरोसा उठ गया। आप प्रशांत वीर का उपयोग नहीं कर सके।’
मिडल-ऑर्डर की समस्या
चेन्नई सुपर किंग्स के मिडल ऑर्डर को एक कारण बताते हुए पूर्व क्रिकेटर ने कहा कि, ‘आपका मिडल ऑर्डर अस्थिर रहा। शिवम दुबे फॉर्म में नहीं थे, और डेवाल्ड ब्रेविस भी कुछ खास नहीं कर सके।’

