- Hindi News
- धर्म ज्योतिष
- आगरा: घर के फ्रिज में दिखी बर्फ की शिवलिंग जैसी आकृति, दर्शन के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
आगरा: घर के फ्रिज में दिखी बर्फ की शिवलिंग जैसी आकृति, दर्शन के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
यूपी के आगरा में एक अनोखी घटना इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। शहर के खेरिया मोड़ स्थित नगला भुजा इलाके में एक घर के फ्रिज के अंदर बर्फ से शिवलिंग जैसी आकृति बन गया है। इस आकृति की जानकारी जैसे ही आसपास के लोगों को मिली, देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंचने लगे, और घर में पूजा-अर्चना शुरू हो गई और पूरा इलाका 'हर-हर महादेव' के जयकारों से गूंज उठा।
परिवार के सदस्यों के अनुसार, सबसे पहले उन्होंने फ्रिज के अंदर बर्फ से बनी इस आकृति को देखा, जो उन्हें शिवलिंग जैसी प्रतीत हुई। इसके बाद परिवार ने श्रद्धा के साथ पूजा शुरू कर दी। धीरे-धीरे यह बात पूरे मोहल्ले और फिर शहर के अन्य हिस्सों में फैल गई। अब दूर-दूर से लोग इस आकृति के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। यहां आकर महिलाएं भजन-कीर्तन और आरती कर रही हैं और प्रसाद भी चढ़ा रही हैं। घर का माहौल पूरी तरह धार्मिक हो गया है और श्रद्धालु इसे भगवान शिव का आशीर्वाद मानकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं।
इस बीच, मोहल्ले के एक बाबा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने वहां मौजूद लोगों को अमरनाथ गुफा में रहने वाले अमर कबूतरों की कथा सुनाई। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, अमरनाथ गुफा में रहने वाले कबूतरों के जोड़े को भगवान शिव से अमरत्व का वरदान मिला था और उन्हें शिवभक्ति का प्रतीक माना जाता है। बाबा ने इस घटना को भी भगवान शिव की कृपा से जोड़कर देखने की बात कही।
कई श्रद्धालु इस बर्फ की आकृति को अमरनाथ के प्रसिद्ध 'बाबा बर्फानी' से जोड़कर देख रहे हैं। उल्लेखनीय है कि जम्मू-कश्मीर स्थित अमरनाथ गुफा में हर साल प्राकृतिक रूप से बर्फ का शिवलिंग बनता है, जिसे लाखों श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचते हैं। हालांकि इस वर्ष गर्मी और मौसम के प्रभाव के कारण अमरनाथ का प्राकृतिक बर्फ शिवलिंग यात्रा पूरी होने से पहले ही काफी हद तक पिघल चुका है। रिपोर्टों के अनुसार, 57 दिन की यात्रा समाप्त होने से पहले ही शिवलिंग 90 प्रतिशत से अधिक पिघल गया है।
फिलहाल आगरा में फ्रिज के अंदर बनी इस बर्फ की आकृति को लेकर लोगों में गहरी आस्था देखने को मिल रही है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि यह केवल प्राकृतिक रूप से बनी बर्फ की आकृति है या इसे किसी धार्मिक चमत्कार के रूप में देखा जाना चाहिए। इस संबंध में किसी वैज्ञानिक या प्रशासनिक एजेंसी की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

