- Hindi News
- राष्ट्रीय
- दमण में बैग से मिली महिला की बॉडी, दो साल पहले पति को छोड़ प्रेमी के साथ भागी थी
दमण में बैग से मिली महिला की बॉडी, दो साल पहले पति को छोड़ प्रेमी के साथ भागी थी
बिहार के नवादा जिले की रहने वाली एक विवाहित महिला करीब दो साल पहले पति का घर छोड़कर प्रेमी का हाथ पकड़कर भाग गई थी। परिवार और समाज की परवाह किए बिना दोनों दूसरे राज्य में जाकर साथ रहने लगे थे. लेकिन जिस रिश्ते को उसने नई शुरुआत माना था, उसका अंत इतना दर्दनाक होगा, ऐसा शायद उसने कभी सोचा भी नहीं होगा।
दमण में एक ट्रॉली बैग से महिला का शव मिलने के बाद जब पुलिस ने उसकी पहचान की, तब सामने आया कि वह बिहार के नवादा जिले के रोह थाना क्षेत्र के सिउर गांव की रहने वाली छोटी कुमारी है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि उसकी हत्या उसी युवक ने की है, जिसके साथ वह पिछले दो साल से रह रही थी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया है और उसकी तलाश जारी है।
पुलिस और परिजनों के अनुसार, छोटी कुमारी की पहले शादी हो चुकी थी और वह अपने पति के साथ रहती थी, लेकिन इस दौरान गांव के ही रहने वाले ऋषभ कुमार के साथ उसकी नजदीकियां बढ़ गई थीं। दोनों के बीच प्रेम संबंध इतना गहरा हो गया कि करीब दो साल पहले छोटी अपने पति का घर छोड़कर ऋषभ के साथ चली गई थी। उस समय इस घटना ने पूरे गांव में काफी चर्चा पैदा कर दी थी। परिवार ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चलने पर रोह पुलिस स्टेशन में अपहरण और गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी, यह सब होने के बावजूद छोटी घर वापस नहीं लौटी थी।

घर छोड़ने के बाद दोनों दमण आ गए थे। यहां उन्होंने किराए का मकान लिया था और पति-पत्नी की तरह रहने लगे थे. परिजनों को उम्मीद थी कि समय के साथ स्थिति सामान्य हो जाएगी, लेकिन बीते दिनों आई एक खबर से पूरा परिवार स्तब्ध रह गया था।
दमण पुलिस को सूचना मिली थी कि एक ट्रॉली बैग में महिला का शव पड़ा है. पुलिस ने जांच शुरू करते ही शव की पहचान छोटी कुमारी के रूप में की थी। पहचान होते ही दमण पुलिस ने इस बारे में बिहार के नवादा स्थित रोह पुलिस को सूचना दी थी. परिजनों का आरोप है कि किसी बात को लेकर छोटी और ऋषभ के बीच झगड़ा हुआ था, जिसके बाद ऋषभ ने उसकी हत्या कर सबूत नष्ट करने के इरादे से शव को ट्रॉली बैग में पैक कर दिया था।
स्थानीय लोगों ने संदिग्ध हालत में पड़े ट्रॉली बैग के बारे में पुलिस को सूचना दी थी. बैग खोलते ही अंदर से महिला का शव मिलने पर पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी. पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटाकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस का शक सीधे ऋषभ कुमार पर गया है, क्योंकि घटना के बाद से ही वह लापता है।
दमण पुलिस की सूचना के बाद गांव के चौकीदार के माध्यम से मृतका के परिवार को जानकारी दी गई थी। बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया था। परिजन तुरंत ही दमण जाने के लिए रवाना हो गए हैं, जहां शव की पहचान, पोस्टमॉर्टम और अन्य कानूनी कार्रवाई पूरी की जाएगी।
4.webp)
छोटी के घर छोड़कर जाने के बाद परिवार ने रोह पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराया था। परिजनों को उम्मीद थी कि वह किसी दिन वापस आएगी, लेकिन दो साल बाद उसकी मौत की खबर आई. गांव के लोगों का कहना है कि छोटी के प्रेम संबंध को लेकर पहले भी काफी चर्चाएं होती थीं, लेकिन इस रिश्ते का ऐसा दुखद अंत होगा, ऐसा किसी ने नहीं सोचा था।
दमण पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी ऋषभ कुमार की तलाश में लगातार छापेमारी शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के पीछे का असली कारण सामने आ सकेगा. जांच अधिकारी मोबाइल कॉल डिटेल्स, दोनों के संपर्कों और घटनास्थल से मिले अन्य सबूतों की जांच कर रहे हैं।
फिलहाल दोनों के बीच ऐसा क्या हुआ कि बात हत्या तक पहुंच गई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है. घटना के समय दोनों के साथ कोई अन्य व्यक्ति मौजूद था या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की संभावना है. परिजन अब आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं।

