- Hindi News
- राष्ट्रीय
- सूरत: आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार कल्पेश बारोट बाउंसर के भरोसे, शरीर पर भारी-भरकम सोना और साथ में बॉ...
सूरत: आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार कल्पेश बारोट बाउंसर के भरोसे, शरीर पर भारी-भरकम सोना और साथ में बॉडीगार्ड
जिस गली से गुजरते हैं वहां देखने वालों की लग जाती है भीड़, सेल्फी लेने के लिए भी लोगों में उत्सुकता
सूरत। सूरत महानगरपालिका का चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आता जा रहा है, वैसे-वैसे उम्मीदवारों के प्रचार का तरीका भी दिलचस्प नजर आ रहा है। दरअसल, निगम चुनाव के बीच एक उम्मीदवार अपनी अनोखी शैली के कारण चर्चा का केंद्र बन गया है। आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी कल्पेश बारोट, जिन्हें लोग अब ‘गोल्डन उम्मीदवार’ कहने लगे हैं, बाउंसरों के साथ चुनाव प्रचार कर मतदाताओं का ध्यान खींच रहे हैं।
बता दें कि सूरत शहर में चुनावी माहौल गरमाया हुआ है। अगले रविवार यानी 26 अप्रैल को मतदान होना है। ऐसे में सभी उम्मीदवार चुनाव प्रचार में अपनी पूरी ताकत झोंक रहे हैं। सब अपने-अपने अंदाज में लोगों को लुभाने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं वार्ड नंबर 1 से चुनाव लड़ रहे कल्पेश बारोट ने अपनी खास पहचान बना ली है। जब वे प्रचार के लिए निकलते हैं, तो उनके साथ चलने वाले बाउंसर और शरीर पर पहना गया भारी-भरकम सोना लोगों में कौतूहल पैदा कर देता है।
भारी-भरकम सोना पहनकर निकल रहे हैं कल्पेश बोराट
कल्पेश बारोट प्रचार के दौरान करीब 60 से 65 तोला सोना पहनते हैं। उनकी उंगलियों में सोने की अंगूठियां, हाथों में भारी ब्रैसलेट और गले में मोटी चेन साफ नजर आती है। आमतौर पर लोग इतनी मात्रा में सोना पहनकर बाहर निकलने से कतराते हैं, लेकिन वे पूरे आत्मविश्वास के साथ मतदाताओं के बीच जाते हैं। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि वे अपने प्रचार के दौरान निजी बाउंसर भी साथ रखते हैं। उनके साथ हमेशा दो बाउंसर मौजूद रहते हैं। इस पर उन्होंने कहा कि ये उनके पारिवारिक मित्र जैसे हैं, लेकिन साथ ही उन्होंने इशारों में भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि खरीद-फरोख्त की राजनीति से बचने और अपनी सुरक्षा के लिए यह इंतजाम किया गया है।
हलफनाम में कल्पेश बारोट ने संपत्ति के बारे में ये जानकारी दी है-
चुनाव आयोग में दाखिल अपने हलफनामे में कल्पेश बारोट ने अपनी संपत्ति का पूरा ब्योरा दिया है। उन्होंने बताया कि उनके पास करीब 90 लाख रुपये का सोना है। उन्होंने अपनी चल और अचल संपत्ति की जानकारी भी पारदर्शिता के साथ साझा की है। कल्पेश बारोट का कहना है कि सोना पहनना उनके लिए कोई नया शौक नहीं है, बल्कि यह उनकी पुरानी पहचान का हिस्सा है। हालांकि चुनावी मैदान में इतनी मात्रा में सोना पहनकर उतरने से लोगों और विरोधियों के बीच चर्चा होना स्वाभाविक है।
इतना सोना पहनकर निकलना क्या जोखिमभरा नहीं है, कल्पेश बोले-
जब उनसे पूछा गया कि क्या इतना सोना पहनकर निकलना जोखिमभरा नहीं है, तो उन्होंने जवाब दिया कि जब तक मतदाताओं का आशीर्वाद और दोस्तों का साथ है, तब तक उन्हें कोई खतरा नहीं है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि आज के समय में लोगों को अपनी सुरक्षा खुद करनी चाहिए, जो कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़ा करता है।
कल्पेश बारोट के साथ लोग सेल्फी लेने को उत्सुक रहते हैं
वार्ड नंबर 1 में उनका प्रचार लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है। कई लोग उन्हें देखने के लिए घरों से बाहर निकलते हैं और उनके साथ सेल्फी लेते हैं। इस तरह उनका प्रचार आम आदमी पार्टी के लिए भीड़ खींचने की रणनीति साबित होता दिख रहा है। कल्पेश बारोट का दावा है कि वे जमीन से जुड़े कार्यकर्ता हैं और जनता की समस्याओं को समझते हैं।
अधिकतर प्रत्याशी इस बार सोशल मीडिया के जरिए कर रहे हैं प्रचार
बता दें कि सूरत नगर निगम चुनाव में इस बार कई प्रत्याशी सोशल मीडिया का सहारा लेकर अपनी पहुंच तेजी से बढ़ा रहे हैं। उम्मीदवार फेसबुक, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और व्हाट्सऐप जैसे प्लेटफॉर्म के जरिए मतदाताओं से सीधे जुड़ने की कोशिश कर रहे हैं। छोटी-छोटी वीडियो क्लिप, लाइव सेशन और पोस्ट के माध्यम से वे अपने काम, वादों और चुनावी मुद्दों को लोगों तक पहुंचा रहे हैं। कम पढ़े-लिखे प्रत्याशी भी सोशल मीडिया से जुड़कर जोर-शोर से चुनावी प्रचार कर रहे हैं। इसके पीछे वे काफी भारी-भरकम खर्च कर रहे हैं।
दरअसल, युवा मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए डिजिटल प्रचार को खास महत्व दिया जा रहा है। कई उम्मीदवार अपनी रैलियों और जनसंपर्क अभियानों की झलकियां भी नियमित रूप से साझा कर रहे हैं, जिससे उनकी सक्रियता दिखे। इसके अलावा, सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाएं लेकर वे जनता की समस्याएं समझने का दावा भी कर रहे हैं।
हालांकि, डिजिटल प्रचार के साथ-साथ गलत जानकारी फैलने का खतरा भी बना रहता है, जिस पर चुनाव आयोग नजर बनाए हुए है। कुल मिलाकर, इस चुनाव में सोशल मीडिया एक प्रभावी हथियार बनकर उभरा है।

