- Hindi News
- राष्ट्रीय
- महाराष्ट्र में SIR: 17 लाख मतदाताओं के नाम दो जगह, 75 लाख मतदाताओं का कोई अता-पता नहीं!
महाराष्ट्र में SIR: 17 लाख मतदाताओं के नाम दो जगह, 75 लाख मतदाताओं का कोई अता-पता नहीं!
स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के तहत महाराष्ट्र में मतदाता सूची की जांच में बड़ी संख्या में ऐसे मतदाता सामने आए हैं जिनके नाम दो जगह दर्ज हैं या जिनकी जानकारी सत्यापित नहीं की जा सकी है। राज्य में 17 लाख 63 हजार दो नाम वाले मतदाता हैं, जबकि 75 लाख 52 हजार मतदाताओं की जानकारी नहीं मिल सकी है।
इसके अलावा कुल, 2 करोड़ 7 लाख से अधिक मतदाताओं को 'अनकलेक्टेबल' श्रेणी में रखा गया है। इन मतदाताओं के लिए SIR गणना फॉर्म विभिन्न कारणों से जमा नहीं किए जा सके। इनमें घर पर नहीं मिले मतदाता, स्थायी रूप से स्थानांतरित होने वाले लोग, मृत मतदाता, दो नाम वाले मतदाता और अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल हैं।
SIR के तहत मतदाता गणना फॉर्म जमा करने की अंतिम तारीख 17 अगस्त थी। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) कार्यालय द्वारा मंगलवार को अंतिम SIR आंकड़े जारी किए गए थे। महाराष्ट्र के कुल 9 करोड़ 78 लाख मतदाताओं में से 7 करोड़ 71 लाख मतदाताओं के SIR फॉर्म जमा किए गए हैं यानी राज्य के 78.85 प्रतिशत मतदाताओं ने SIR प्रक्रिया पूरी कर ली है। तो 2 करोड़ से 7 लाख से अधिक मतदाताओं के फॉर्म जमा नहीं हुए हैं,जो कुल मतदाताओं के 21.15 प्रतिशत हैं।
1. दो नाम वाले: 17 लाख 63 हजार यानी लगभग 1.80% मतदाता
2. घर पर नहीं मिले: 75 लाख 52 हजार 7.72%
3. स्थायी स्थानांतरण: 67 लाख 80 हजार 7.85%
4. मृत मतदाता: 34 लाख 81 हजार 3.56%
5. अन्य: 2 लाख 23 हजार 0.23%
6. कुल: 2 करोड़ 7 लाख 21.15%
चुनाव आयोग की ओर से 24 अगस्त को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। जिन मतदाताओं के नाम इस सूची में नहीं हैं वे अगले महीने के दौरान अपने नाम को शामिल करने के लिए फॉर्म-6 जमा कर सकेंगे। फिलहाल 'अनकलेक्टेबल' सूची में मौजूद मतदाता भी फॉर्म-6 जमा करके मतदाता सूची में अपने नाम को शामिल करने के लिए आवेदन कर सकेंगे।
इसके अलावा, जो नागरिक 1 दिसंबर, 2026 या उससे पहले 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले नागरिक भी मतदाता बनने के लिए आवेदन कर सकेंगे। चुनाव आयोग 19 अक्टूबर, 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित करेगा।

