- Hindi News
- राष्ट्रीय
- भाजपा के नए सोशल मीडिया हेड के रूप में दीपक म्हस्के ने संभाला कार्यभार, पीएम मोदी और अमित मालवीय का
भाजपा के नए सोशल मीडिया हेड के रूप में दीपक म्हस्के ने संभाला कार्यभार, पीएम मोदी और अमित मालवीय का जताया आभार
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सोशल मीडिया हेड के रूप में नियुक्त होने के बाद दीपक म्हस्के ने अपना पदभार संभाल लिया है। यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करके पार्टी के शीर्ष नेतृत्व, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, "भारतीय जनता पार्टी के सोशल मीडिया का दायित्व सौंपे जाने पर मैं संगठन के शीर्ष नेतृत्व के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ।"
उन्होंने आगे लिखा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह तथा पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व ने मुझ पर जो विश्वास व्यक्त किया है, उसके लिए मैं हृदय से कृतज्ञ हूँ।"

अमित मालवीय के योगदान की सराहना करते हुए उन्होंने लिखा, "विशेष रूप से अमित मालवीय जी का आभार, जिन्होंने वर्षों के अथक परिश्रम और नेतृत्व से भाजपा की डिजिटल उपस्थिति को एक मजबूत आधार और नई पहचान दी। उनके अनुभव और मार्गदर्शन के साथ इस मजबूत विरासत को आगे बढ़ाना मेरे लिए सम्मान और जिम्मेदारी दोनों है।"
अपनी भावी रणनीति और संकल्प के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, "हमारा प्रयास रहेगा कि नई तकनीक, नए डिजिटल माध्यमों और नई पीढ़ी की संवाद शैली के साथ पार्टी के विचार, सरकार के कार्य और आदरणीय प्रधानमंत्री जी के विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक और प्रभावी ढंग से पहुँचाया जाए। संगठन ने जो विश्वास दिया है, उसे पूरी निष्ठा, समर्पण और परिश्रम से निभाने का संकल्प है। आप सभी के मार्गदर्शन, सहयोग और शुभकामनाओं की अपेक्षा है।"

कौन हैं दीपक म्हस्के?
दीपक म्हस्के छत्तीसगढ़ के रायपुर के निवासी हैं और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ एवं अनुभवी नेता हैं। राजनीति में पूर्णकालिक रूप से सक्रिय होने से पहले वे केमिस्ट्री के प्रोफेसर रह चुके हैं। उनके पास एम.एससी. की डिग्री है और उन्होंने कंप्यूटर प्रोग्रामिंग तथा सीमेंट टेक्नोलॉजी की पढ़ाई भी की है। वे भाजपा के आईटी और सोशल मीडिया सेल में पिछले 15 वर्षों से अधिक समय से कार्यरत हैं। वे छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता और छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। बिहार, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल जैसे महत्वपूर्ण विधानसभा चुनावों में भाजपा के डिजिटल अभियानों का सफल संचालन करने का उनके पास व्यापक अनुभव है।

