- Hindi News
- राष्ट्रीय
- दीपक, सौरव और आशुतोष को एक शर्त पर रिहा किया गया है, एक साल तक वे...
दीपक, सौरव और आशुतोष को एक शर्त पर रिहा किया गया है, एक साल तक वे...
कॉकरोच जनता पार्टी के नेता अभिजीत दीपक, सौरव दास और आशुतोष रांका को रविवार सुबह 10 बजे 23 घंटे तक हिरासत में रखने के बाद रिहा कर दिया गया। तीनों को दिल्ली कैंट में कार्यकारी मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया था। अदालत ने उन्हें एक साल तक शांति बनाए रखने की शर्त पर रिहा किया। दिल्ली पुलिस के अनुसार, तीनों ने 50 हजार रुपये का बेल बॉन्ड भी भरा है।
पुलिस ने शनिवार को CJP के विरोध प्रदर्शन से पहले तीनों नेताओं को दिल्ली एयरपोर्ट पर हिरासत में लिया था। CJP ने रविवार सुबह लगातार दूसरे दिन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की घोषणा की थी। शनिवार को पुलिस ने प्रदर्शन रोक दिया था और करीब 7,000 लोगों को हिरासत में लिया गया था।
https://twitter.com/ANI/status/2109151750938939655
दूसरी ओर, सुप्रीम कोर्ट की स्पेशल बेंच आज प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई से जुड़ी दो याचिकाओं पर सुनवाई कर रही है। दिल्ली प्रदर्शन में वकीलों को हिरासत में लेने के मामले पर अदालत ने कहा कि हम सभी वकीलों की बात सुनेंगे, जो हुआ उसे सामान्य नहीं मानते।
तीनों CJP नेताओं ने एक साल तक शांति बनाए रखने के लिए 50 हजार रुपये का जमानती मुचलका भरा है। यदि इस अवधि के दौरान वे मुचलके की शर्तों का उल्लंघन करते हैं, तो उनकी जमानत की राशि जब्त हो सकती है। यदि वे कोई नया अपराध करते हैं, तो पुलिस उस मामले में अलग से कार्रवाई कर सकती है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि वे एक साल तक प्रदर्शन कर ही नहीं सकते।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, अभिजीत दीपक, आशुतोष रांका और सौरव दास को बीएनएसएस की धारा 126 और 170 के तहत एहतियाती कार्रवाई के तौर पर हिरासत में लिया गया था। सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद 11 अक्टूबर को उन्हें दिल्ली कैंट की एसईएम अदालत में पेश किया गया। तीनों ने एक साल तक शांति बनाए रखने और अच्छे व्यवहार के लिए 50 हजार रुपये का जमानती मुचलका भरा, जिसके बाद अदालत ने उन्हें रिहा कर दिया।
https://twitter.com/ANI/status/2109142697466605778
महाराष्ट्र के हिंगोली में CJP के संस्थापक अभिजीत दीपक की मां अनिता दीपके ने कहा- अगर अभिजीत को कल ही रिहा कर दिया गया होता, तो वह अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल हो सकता था। अब वह आखिरी बार उनका चेहरा भी नहीं देख सकेगा। दिल्ली पुलिस ने शनिवार को प्रदर्शन करने के मामले में 20 से अधिक एफआईआर दर्ज की हैं। दिल्ली पुलिस के सूत्रों के अनुसार, ये मामले कानून हाथ में लेने, सरकारी काम में बाधा डालने और पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करने से जुड़े हैं।

अभिजीत दीपक, आशुतोष रांका और सौरव दास रिहाई के बाद दिल्ली कैंट पुलिस स्टेशन से रवाना हो गए। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात नहीं की। CJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कार के अंदर से बताया कि CJP दोपहर 2 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगा। कॉकरोच जनता पार्टी ने एक्स पर पोस्ट करके अभिजीत दीपक, आशुतोष रांका और सौरव दास की रिहाई पर कहा- कॉकरोच कभी नहीं मरते।

