- Hindi News
- मनोरंजन
- छात्रों के आंदोलन के समर्थन में आए सलमान खान, कहा- मुझे उम्मीद है कि सरकार...
छात्रों के आंदोलन के समर्थन में आए सलमान खान, कहा- मुझे उम्मीद है कि सरकार...
NEET-UG पेपर लीक मामले में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के नेतृत्व में चल रहे छात्रों के आंदोलन को अब बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान का भी समर्थन मिल गया है। इस मुद्दे पर आवाज उठाने वाले वे शायद सबसे बड़े सेलिब्रिटी हैं। सलमान ने खुशी जताई कि देश की बेहतर शिक्षा व्यवस्था के लिए सभी छात्र एकजुट हुए हैं, साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार को उनकी मांगें सुननी चाहिए।
सलमान खान ने लिखा था कि, यह कितना शांतिपूर्ण आंदोलन था, लेकिन इसे इतना हिंसक रूप लेते देख बहुत दुख होता है। जो छात्र और उनके परिवार के सदस्य घायल हुए हैं, उनके प्रति मेरी पूरी संवेदना है। पेपर लीक एक बहुत गंभीर मुद्दा है, और मुझे यह देखकर खुशी होती है कि हमारे देश के बच्चे एक बेहतर शिक्षा व्यवस्था के लिए एक साथ आए हैं, और उनके माता-पिता ने भी उनका साथ दिया है।

उन्होंने जो रुख अपनाया है, कड़ी मेहनत करने का, अपना भविष्य बनाने का और एक महान, शिक्षित भारत के निर्माण के लिए जो लगन और ईमानदारी दिखाई है, उसकी मैं दिल से सराहना करता हूँ। यह आंदोलन, यह विरोध सही रास्ता है, और छात्रों ने यह काम शांतिपूर्वक किया है। वे बहुत साहसी और बहादुर हैं। शिक्षा के प्रति समर्पित और प्रेरित यह पीढ़ी भारत को गौरवान्वित करेगी।
यह मुद्दा छात्रों और शिक्षा व्यवस्था के बीच का है, इसका राजनीतिक लाभ नहीं उठाया जाना चाहिए। इसका श्रेय केवल हमारे देश के छात्रों को ही जाना चाहिए, और मुझे विश्वास है कि सरकार भी उन्हें पूरा सहयोग देगी और शिक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाएगी। यह दोनों के लिए लाभदायक स्थिति (Win-win situation) है। मैं एक सकारात्मक निर्णय की आशा और प्रार्थना करता हूँ। पढ़ने की इच्छा रखने वाले आप सभी पर भगवान का आशीर्वाद बना रहे।
शिक्षा अब आगे चलकर नया ट्रेंड और फैशन बननी चाहिए, और हर साल यह और अधिक ट्रेंडी और फैशनेबल बननी चाहिए, इतना कि बाहर से लोग पढ़ने के लिए भारत आएँ और भारत एक एजुकेशनल हब बन जाए।
पिछले एक सप्ताह के दौरान, बॉलीवुड और क्षेत्रीय सिनेमा के कई सितारों ने आंदोलनकारी छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई की कड़े शब्दों में आलोचना की है और CJP के आंदोलन का समर्थन किया है। इनमें ऋतिक रोशन, दिलजीत दोसांझ, नसीरुद्दीन शाह, सोनाक्षी सिन्हा, रत्ना पाठक शाह, शबाना आज़मी, प्रकाश राज, टोविनो थॉमस और अतुल कुलकर्णी जैसे जाने-माने कलाकार शामिल हैं।

दिल्ली के जंतर-मंतर पर इस महीने की शुरुआत में ये विरोध प्रदर्शन शुरू हुए थे। NEET पेपर लीक सहित प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई कथित गड़बड़ियों के खिलाफ छात्र जवाबदेही की मांग कर रहे हैं। उनकी मुख्य मांगों में शिक्षा व्यवस्था में बड़े पैमाने पर सुधार करना और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग शामिल है।
इसके बाद प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी इस आंदोलन में शामिल हुए थे और उन्होंने भूख हड़ताल शुरू की थी, हालांकि बाद में पुलिस ने उन्हें विरोध स्थल से हटा दिया था। सोमवार को आयोजित 'चलो संसद' मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस द्वारा बल प्रयोग किए जाने से स्थिति और अधिक बिगड़ गई थी।

