- Hindi News
- मनोरंजन
- ध्रुव राठी का कहना है सलमान की फिल्म 'मातृभूमि' को सरकार रिलीज नहीं होने दे रही क्योंकि...
ध्रुव राठी का कहना है सलमान की फिल्म 'मातृभूमि' को सरकार रिलीज नहीं होने दे रही क्योंकि...
दिल्ली में चल रहे 'कॉकरोच जनता पार्टी' के हालिया विरोध प्रदर्शन को मशहूर यूट्यूबर ध्रुव राठी का समर्थन मिला है। इस दौरान वह केंद्र सरकार पर काफी आक्रामक नजर आए. मीडिया से बातचीत में उन्होंने 'मातृभूमि' फिल्म की आड़ में सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि सरकार ने चीन के दबाव में आकर सलमान खान की फिल्म को रिलीज नहीं होने दिया।
11 अक्टूबर को ध्रुव ने दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। उसका एक हिस्सा सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने 'मातृभूमि' फिल्म का जिक्र किया था। इस दौरान उन्होंने सरकार के दबाव में होने का आरोप लगाया था. ध्रुव ने बताया कि सलमान खान की एक फिल्म ('मातृभूमि') आ रही थी, जिसमें चीन के खिलाफ कुछ बातें दिखाई गई थीं। लेकिन सरकार में इतनी हिम्मत नहीं है कि वह फिल्म को रिलीज होने दे. सलमान की इस फिल्म की बड़े पैमाने पर रीशूटिंग करवाई गई और कहा गया कि- 'नहीं, नहीं. इसे चीन के पक्ष में बनाओ. हम चीन के इतने खिलाफ नहीं जा सकते.' ये लोग एक नंबर के डरपोक हैं। ये चीन से डरते हैं, अमेरिका से डरते हैं और एलन मस्क से भी डरते हैं।
ध्रुव ने कहा कि वह खुद सबके सामने खुलकर बोलते हैं, फिर भी किसी से नहीं डरते, लेकिन सरकार के मामले में ऐसा नहीं है। उल्लेखनीय है कि 'मातृभूमि' का यह विवाद पिछले कुछ महीनों से चल रहा है, जिसके कारण यह फिल्म अब तक रिलीज नहीं हो सकी है। रिलीज होना तो दूर की बात है, इस फिल्म के मेकर्स को इसका एक बड़ा हिस्सा दोबारा शूट करना पड़ा है। इसके बाद इसे सरकार के पास नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) के लिए भेजा गया था और अब इसे सेंसर बोर्ड (CBFC) के पास भेजा जाएगा, जिसके बाद ही फिल्म की रिलीज डेट घोषित की जाएगी।

'मातृभूमि' फिल्म की कहानी साल 2020 में भारत और चीन के बीच गलवान घाटी में हुई झड़प पर आधारित है। उस लड़ाई में 200 भारतीय जवानों ने 1200 चीनी सैनिकों का मजबूती से सामना किया था। इस संघर्ष में लगभग 40 चीनी सैनिक मारे गए थे, हालांकि चीन केवल चार सैनिकों की मौत होने की बात स्वीकार करता है। वहीं इस संघर्ष में 20 भारतीय जवान भी शहीद हुए थे।
दिसंबर 2025 में इस फिल्म का पहला टीजर रिलीज किया गया था। उस समय चीनी मीडिया ने इस फिल्म पर तथ्यों से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया था। इसके बाद ऐसी खबरें आईं कि रक्षा मंत्रालय ने मेकर्स को फिल्म से चीन-विरोधी कंटेंट हटाने के निर्देश दिए हैं। उस समय फिल्म की रिलीज डेट भी घोषित हो चुकी थी, फिर भी टीम को फिल्म में पैचवर्क का काम शुरू करना पड़ा था। ऐसा कहा जा रहा है कि फिल्म के लगभग 40 प्रतिशत हिस्से की दोबारा शूटिंग करनी पड़ी है, जिसके कारण फिल्म का क्लाइमैक्स और सलमान खान का कैरेक्टर आर्क भी बदल गया है।
पहले इस मूवी का नाम 'बैटल ऑफ गलवान' था, लेकिन इसे चीन-फ्रेंडली बनाने के लिए बदलकर 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' (Maatrubhumi: May War Rest in Peace) कर दिया गया. 'मातृभूमि' फिल्म पिछले कुछ महीनों से अटकी हुई थी, लेकिन हाल ही में इसे भारत सरकार की ओर से नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) मिल गया है. फिलहाल फिल्म का पोस्ट-प्रोडक्शन का काम चल रहा है। काम पूरा होने के बाद इसे सेंसर बोर्ड (CBFC) के पास भेजा जाएगा और वहां से हरी झंडी मिलने के बाद फिल्म की नई रिलीज डेट घोषित की जाएगी। इस फिल्म को अपूर्व लाखिया ने डायरेक्ट किया है।

