- Hindi News
- बिजनेस
- स्मार्टफोन को देने वाली है चुनौती: सैटेलाइट से जुड़ेगी यह नई डिवाइस, Elon Musk की तैयारी
स्मार्टफोन को देने वाली है चुनौती: सैटेलाइट से जुड़ेगी यह नई डिवाइस, Elon Musk की तैयारी
गैजेट इंडस्ट्री में जल्द ही एक नया नाम एंट्री करने वाला है। यह नया प्लेयर Elon Musk की कंपनी का प्रोडक्ट होगा। ताज़ा रिपोर्ट्स के मुताबिक, SpaceX एक ऐसे डिवाइस पर काम कर रही है, जो सीधे Starlink सैटेलाइट नेटवर्क से कनेक्ट होगा। कंपनी का मकसद मौजूदा स्मार्टफोन टेक्नोलॉजी को सीधी चुनौती देना है।
समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि Elon Musk की कंपनी एक ऐसा नया डिवाइस तैयार कर रही है, जो आने वाले समय में स्मार्टफोन का विकल्प बन सकता है। यह डिवाइस बिना किसी मोबाइल नेटवर्क के, सीधे Starlink के सैटेलाइट इंटरनेट से जुड़ सकेगा। हालांकि, फिलहाल इस डिवाइस से जुड़ी कई अहम जानकारियाँ सामने आना बाकी हैं।
स्मार्टफोन तैयार नहीं कर रहे हैं
Elon Musk ने हाल ही में X पर एक पोस्ट के ज़रिए साफ़ किया था कि वे किसी स्मार्टफोन का डेवलपमेंट नहीं कर रहे हैं। उनके बयान से यह स्पष्ट होता है कि आने वाला प्रोडक्ट कोई पारंपरिक स्मार्टफोन नहीं होगा। हालांकि, संकेत मिलते हैं कि वह किसी बिल्कुल अलग और नई तरह की डिवाइस पर काम कर रहे हैं।
ट्रेडिशनल स्मार्टफोन से अलग होगा
मस्क की आने वाली डिवाइस पारंपरिक स्मार्टफोन से काफ़ी अलग हो सकती है। मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के मुताबिक, यह एक सामान्य स्मार्टफोन नहीं बल्कि एक ऑन-डिवाइस AI डिवाइस होने की संभावना है।
ऑन-डिवाइस AI का अनुमान इसलिए भी मजबूत माना जा रहा है क्योंकि Elon Musk की कंपनी ने हाल ही में xAI का अधिग्रहण किया है। इसी xAI ने Grok चैटबॉट को विकसित किया है, जिसे फिलहाल X प्लेटफॉर्म या ऐप के ज़रिए इस्तेमाल किया जा सकता है।
सैटेलाइट कनेक्टिविटी वाली डिवाइस
SpaceX के लिए मोबाइल कनेक्टिविटी कोई नई बात नहीं है। कंपनी पहले ही अमेरिका में T-Mobile के साथ साझेदारी कर चुकी है। इस पार्टनरशिप के तहत कुछ चुनिंदा स्मार्टफोन में Starlink की डायरेक्ट सैटेलाइट कनेक्टिविटी उपलब्ध कराई जा रही है।
ग्लोबल स्मार्टफोन ब्रांड्स की मौजूदगी
वैश्विक बाजार में Apple, Samsung, OnePlus और Xiaomi जैसे कई बड़े स्मार्टफोन ब्रांड्स मौजूद हैं। Apple और Samsung जैसे ब्रांड्स ग्लोबल प्लेयर्स माने जाते हैं, जिनके स्मार्टफोन दुनियाभर के बाजारों में बिक्री के लिए उपलब्ध हैं।

