- Hindi News
- मुरैना में 18 बाइक चोरी करने वाले शातिर अपराधी के कंधे पर बैठकर थाना प्रभारी ने मनाया जन्मदिन, बोले-...
मुरैना में 18 बाइक चोरी करने वाले शातिर अपराधी के कंधे पर बैठकर थाना प्रभारी ने मनाया जन्मदिन, बोले- पता ही नहीं था, सस्पेंड
मुरैना। मुरैना में जौरा थाना प्रभारी दर्शन लाल शुक्ला विवादों में फंस गए है। इस विवाद ने ऐसा तूल पकड़ा कि आखिरकार थाना प्रभारी को सस्पेंड कर दिया गया। मामला उनके जन्मदिन से जुड़ा हुआ है। दरअसल, थाना प्रभारी दर्शन लाल शुक्ला का जन्मदिन था। शातिर अपराधियों के साथ जन्मदिन का समारोह मनाने का वीडियो वायरल हो गया। इससे पुलिस महकमे की जमकर फजीहत होने लगी। बर्थडे सेलिब्रेशन 28 फरवरी की रात करीब 9 बजे थाना परिसर में ही शुरू हुआ। इसमें थाना प्रभारी को माला पहनाई गईं, केक काटा गया। बधाई देने वालों की लाइन लगी रही। अब इस सेलिब्रेशन में कोतवाली थाना इलाके का हिस्ट्रीशीटर बाइक चोर लवकुश शर्मा भी था। उसने टीआई दर्शन लाल शुक्ला को अपने कंधों पर उठा लिया। उन्हें कंधे पर बैठाकर पूरे थाना परिसर में नाचते हुए घुमाता रहा। लेकिन बाद में इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इसके बाद मामला सामने आया। वीडियो में दिख रहा है कि लवकुश टीआई दर्शन लाल शुक्ला को कंधे पर बैठाकर थाना परिसर में घुमा रहा है। पीछे-पीछे थाने का स्टाफ और दूसरे लोग चल रहे हैं। वीडियो के वायरल होते ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संज्ञान ले लिया। उनके निर्देश पर एसपी समीर सौरभ ने टीआई दर्शन लाल शुक्ला को सस्पेंड कर दिया है। उन्हें पुलिस लाइन में अटैच किया गया है। एसपी समीर सौरभ ने बताया कि मामले की जांच एडिशनल एसपी सुरेंद्र प्रताप को सौंपी गई है। उनकी रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बाइक चोरी का शातिर अपराधी है लवकुश शर्मा
पुलिस में मौजूद रिकॉर्ड के अनुसार मुरैना सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने 12 जून 2025 को लवकुश शर्मा को बाइक चोरी के मामले में गिरफ्तार किया था। उसने तीन साथियों के साथ मिलकर करीब 13 लाख रुपए कीमत की 18 बाइकें चोरी की थीं। उस समय पुलिस ने उसे गिरोह का सक्रिय सदस्य और सरगना बताया था। इस मामले में जमानत पर बाहर आने के बाद 12 जनवरी 2026 को लवकुश और उसके साथियों ने गांव में अवैध विद्युत पंप कनेक्शन काटने आए एई पुष्पेंद्र यादव और अन्य बिजलीकर्मियों को पिटाई कर दी थी। इस पर भी लवकुश पर मामला दर्ज हुआ था। चौंकाने वाली बात यह है कि इस केस की कार्रवाई भी टीआई दर्शन लाल शुक्ला के निर्देश पर हुई थी।
अब थाना प्रभारी की सफाई- वह तो थाने का मुखबिर है
जब इस वीडियो पर जौरा थाना प्रभारी टीआई दर्शन लाल शुक्ला से बात की गई तो उन्होंने कहा कि भीड़ के बीच कौन कब आ गया, उन्हें पता ही नहीं चला। उन्होंने कहा कि कंधे पर उठाने वाला व्यक्ति उनके थाने का मुखबिर है और उसने कुछ मामलों में सूचना देकर काम भी करवाया है।

