- Hindi News
- धर्म ज्योतिष
- चारधाम यात्रा के लिए वाट्सएप या मोबाइल एप से कैसे करें रजिस्ट्रेशन, जानिए पूरा प्रोसेस, 19 अप्रैल से...
चारधाम यात्रा के लिए वाट्सएप या मोबाइल एप से कैसे करें रजिस्ट्रेशन, जानिए पूरा प्रोसेस, 19 अप्रैल से शुरू होगी यात्रा
देहरादून। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस बार श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए रजिस्ट्रेशन के तरीकों को थोड़ा और आसान किया गया है। चारधाम यात्रा 2026 के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रोसेस अब श्रद्धालु घर बैठे मोबाइल, कंप्यूटर, मोबाइल एप या वॉट्सएप के जरिए करा सकते हैं। यात्रा में शामिल होने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए रजिस्ट्रेशन अनिवार्य रखा गया है, ताकि प्रशासन यात्रियों की संख्या, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को बेहतर तरीके से संभाल सके। बता दें कि इस साल चारधाम यात्रा की शुरुआत 19 अप्रैल से हो रही है। इसी दिन यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खुलेंगे। इसके बाद 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम और 23 अप्रैल को बद्रीनाथ धाम के कपाट खोले जाएंगे। हालांकि ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन 17 अप्रैल से शुरू किया जाएगा। यात्रा शुरू होने से पहले हरिद्वार, ऋषिकेश समेत कई प्रमुख स्थानों पर बायोमेट्रिक रजिस्ट्रेशन काउंटर लगाए जाएंगे, ताकि जिन श्रद्धालुओं के पास इंटरनेट की सुविधा नहीं है वे भी आसानी से पंजीकरण करा सकें। इसके अलावा एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है। अगर किसी यात्री को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन में दिक्कत आती है या यात्रा से जुड़ी जानकारी चाहिए, तो वह 0135-1364 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकता है।
बद्रीनाथ धाम के कपाट इस बार 11 दिन पहले खुलेंगे
बद्रीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को सुबह 6:15 बजे श्रद्धालुओं के लिए खुलेंगे। चमोली में स्थित बद्रीनाथ धाम के कपाट इस बार पिछले साल के मुकाबले 11 दिन पहले खुलेंगे। वहीं उत्तरकाशी के गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम के कपाट 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर भक्तों के लिए खोले जाएंगे।
मोबाइल एप से या वाट्सपए से ऐसे करें रजिस्ट्रेशन
मोबाइल ऐप या वाट्सएप से रजिस्ट्रेशन करने के लिए आपको ये काम करन होगा। यदि आप मोबाइल एप से पंजीकरण करना चाहते हैं तो Tourist Care Uttarakhand मोबाइल ऐप डाउनलोड करना होगा। ऐप में अकाउंट बनाने के बाद यात्रा से जुड़ी जानकारी भरनी होती है और वहीं से यात्रा पास डाउनलोड किया जा सकता है। वहीं वॉट्सएप से रजिस्ट्रेशन के लिए 8394833833 नंबर पर Yatra लिखकर मैसेज भेजना होता है। इसके बाद चैटबॉट यात्रियों से जरूरी जानकारी पूछता है और उसी के आधार पर रजिस्ट्रेशन पूरा हो जाता है। इसके अलावा श्रद्धालु उत्तराखंड सरकार की वेबसाइट registrationandtouristcare.uk.gov.in पर जाकर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। इसके लिए पहले वेबसाइट पर अकाउंट बनाना होता है। इसके बाद यात्रा की तारीख, धाम और यात्रियों की जानकारी भरनी होती है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद रजिस्ट्रेशन स्लिप डाउनलोड की जा सकती है।

