- Hindi News
- राष्ट्रीय
- सांसद के बेटे ने महिला को कार से कुचला, गिरफ्तारी से पहले ही मिली जमानत
सांसद के बेटे ने महिला को कार से कुचला, गिरफ्तारी से पहले ही मिली जमानत
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में तेज रफ्तार से दौड़ रही एस्टन मार्टिन कार की टक्कर से एक 26 वर्षीय महिला की मौत हो गई। यह हादसा हैदराबाद के माधापुर इलाके में एक मॉल के बाहर हुआ था। पुलिस के अनुसार, कार आंध्र प्रदेश के राज्यसभा सांसद लिंगमनेनी रमेश का 23 वर्षीय बेटा लिंगामनेनी संजुश चला रहा था। मृतक महिला की पहचान भारती मुखी (26) के रूप में हुई है।
भारती मॉल में सेल्सवुमन के रूप में काम करती थी। पुलिस ने बताया कि 16 अगस्त को दोपहर करीब 3 बजे भारती अपने सहकर्मी के साथ पास के होटल में खाना लेने गई थी। वह मॉल में वापस लौट रही थी। इस दौरान जब वह सड़क पार कर रही थी, तभी कार ने उसे टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि भारती के सिर में गंभीर चोट आई थी। हादसे के बाद उसे उसी कार में अपोलो अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस घटना को लेकर उसके स्टोर मैनेजर पंजला अश्विन कुमार ने FIR दर्ज कराई है। शिकायत और जांच के आधार पर, पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) के तहत संजुश के खिलाफ मामला दर्ज किया है. यह धारा लापरवाही से किसी की मौत होने से जुड़ी है और इसमें पांच साल तक की जेल और जुर्माने की सजा है।
पुलिस का कहना है कि जांच में सबूत मिले हैं कि हादसे के समय संजुश कार चला रहा था। अधिकारी अब वाहन की गति और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच कर रहे हैं। संजुश को अब तक गिरफ्तार नहीं किया गया है; पुलिस ने बताया कि अपराध जमानती है, इसलिए उसे नोटिस जारी किया गया है, और जांच जारी है।
कौन है आरोपी संजुश?
द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने बताया कि संजुश ने शराब या ड्रग्स के नशे में गाड़ी नहीं चलाई थी। उसके खिलाफ पहले कोई मामला दर्ज नहीं है। संजुश ब्लैक रिज एनर्जी लिमिटेड नाम की कंपनी में निदेशक है। उसने अमेरिका के डलास स्थित यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास में कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई की है।
संजुश आंध्र प्रदेश के राज्यसभा सांसद और पवन कल्याण की जनसेना पार्टी के नेता लिंगमनेनी रमेश का बेटा है। लिंगमनेनी रमेश जनसेना पार्टी का प्रतिनिधित्व करने वाले सांसद हैं. आंध्र प्रदेश में, जनसेना पार्टी तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के साथ मिलकर सरकार चला रही है। हालांकि, हादसे को लेकर सांसद की ओर से अभी तक कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

