- Hindi News
- राष्ट्रीय
- ऊंझा में नकली जीरे के खिलाफ सख्त कदम, APMC चेयरमैन बोले- ‘ऐसा माल पकड़ा गया तो जनता के बीच जला दिया
ऊंझा में नकली जीरे के खिलाफ सख्त कदम, APMC चेयरमैन बोले- ‘ऐसा माल पकड़ा गया तो जनता के बीच जला दिया जाएगा’
ऊंझा (गुजरात) को दुनिया भर में मसालों का हब माना जाता है। हाल ही में यहां APMC ने व्यापारियों के लिए 'सूचना एवं मार्गदर्शन सेमिनार-2026' का आयोजन किया था, जिसके केंद्र में नकली जीरा और मिलावट का मुद्दा रहा। इस सेमिनार में जिला खाद्य विभाग के अधिकारी विपुल चौधरी और APMC चेयरमैन दिनेश पटेल के बयानों की काफी चर्चा हो रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि अब मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई में किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
सेमिनार को संबोधित करते हुए ऊंझा APMC के चेयरमैन दिनेश पटेल ने जीरे का वजन बढ़ाने के लिए इस्तेमाल होने वाले खतरनाक तेल के व्यापार पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों से अनुरोध किया कि ऐसे तेल की सप्लाई कहां से होती है, इसकी जड़ तक पहुंचकर इसे रोकना चाहिए। चेयरमैन ने व्यापारियों की भावनाओं को व्यक्त करते हुए अधिकारियों पर यह आरोप भी लगाया कि कई बार अधिकारी पैसे लेकर मिलावट करने वालों को छोड़ देते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसा कोई तत्व पकड़ा गया, तो उनके माल को सार्वजनिक रूप से जनता के बीच जला दिया जाएगा।
दूसरी ओर, खाद्य विभाग के अधिकारी विपुल चौधरी ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि, ‘वर्तमान में मिलावट और भ्रष्टाचार एक-दूसरे में घुल-मिल गए हैं।’ उन्होंने जीरे में भूसा, गुड़ की चाशनी और खतरनाक कोटिंग करके 10 टन माल में 500 किलो नकली माल मिला देने की पद्धति पर सवाल उठाए। उन्होंने व्यापारियों को नैतिकता का पाठ पढ़ाते हुए कहा कि भले ही कम कमाएं, लेकिन लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ न करें।
उन्होंने यह भी कहा कि, "अगर आप अपने बच्चों को ऐसा मिलावटी जीरा नहीं खिला सकते, तो आपको ऐसा धंधा करने का कोई अधिकार नहीं है। शायद आप सरकार या विभाग से बच जाएंगे, लेकिन ईश्वर की नजर से नहीं बच पाएंगे।" उन्होंने साफ किया कि अब से किसी भी राजनेता का सिफारिश के लिए फोन आएगा, तब भी दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
गौरतलब है कि ऊंझा में खाद्य एवं औषधि विभाग (Food & Drugs Department) ने संदिग्ध जीरा बनाने वाली इकाइयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। 'माधव एस्टेट' में स्थित पटेल सुमितकुमार वसंतलाल की फैक्ट्री में नकली जीरा तैयार किए जाने की सूचना मिली थी। इसके आधार पर स्थानीय पुलिस की मदद से खाद्य विभाग ने छापा मारकर लगभग 7.44 लाख रुपये का संदिग्ध सामान जब्त किया है।

