- Hindi News
- मनोरंजन
- ईरान में जन्मी अभिनेत्री मंदाना करीमी 16 साल बाद छोड़ा भारत, हमेशा के लिए कहा अलविदा
ईरान में जन्मी अभिनेत्री मंदाना करीमी 16 साल बाद छोड़ा भारत, हमेशा के लिए कहा अलविदा
रियलिटी शो ‘लॉकअप’ और नेटफ्लिक्स फिल्म ‘थार’ में नजर आ चुकीं मशहूर अभिनेत्री मंदाना करीमी ने आखिरकार भारत छोड़ दिया है। 16 साल तक भारत में रहने के बाद उन्होंने एक इमोशनल वीडियो शेयर कर देश को अलविदा कहा। मंदाना ने अपने इंस्टाग्राम पर ‘Ask Me Anything’ (AMA) सेशन के दौरान फैंस के साथ इस मुश्किल फैसले की जानकारी साझा की।
जब एक फैन ने पूछा कि क्या उन्होंने मुंबई हमेशा के लिए छोड़ दिया है और क्या वह इस शहर को मिस करेंगी? तब मंदाना ने एयरपोर्ट से एक वीडियो पोस्ट किया। उन्होंने कहा, मैंने कभी कल्पना नहीं की थी कि मैं ऐसा कह पाऊंगी, लेकिन गुडबाय इंडिया। उन्होंने आगे कहा कि, यह बहुत मुश्किल है। भारत में लगभग 16 साल रहने के बाद आखिरकार मैं अपने दूसरे घर को पीछे छोड़ रही हूं। अब एक नए देश में, नए घर के साथ नई शुरुआत होगी।

भारत क्यों छोड़ना पड़ा? सुरक्षा कारणों का खुलासा
मंदाना ने पहले एक इंटरव्यू में स्वीकार किया था कि वह सुरक्षा कारणों से भारत छोड़ने के बारे में सोच रही हैं। जब उनसे गंभीरता से पूछा गया तो उन्होंने कहा था कि, हां, मैं सुरक्षा कारणों से जा रही हूं। जब तक मैं यहां से बाहर नहीं निकल जाती, तब तक मैं ज्यादा जानकारी साझा नहीं कर सकती।
भारत छोड़ने के पीछे के कारण बताते हुए उन्होंने कहा कि भारत में रहते हुए वह ईरान में चल रही परिस्थितियों और वास्तविकता के बारे में लगातार आवाज उठाती रही हैं। उन्होंने ईरानी अधिकारियों की गलतियों को सार्वजनिक रूप से चुनौती दी थी और वह कभी हार मानने के लिए तैयार नहीं थीं। मंदाना ने कहा कि वह वर्षों से भारत में रहकर यह लड़ाई लड़ रही थीं, लेकिन अब उन्हें यहां रहने का कोई मतलब नजर नहीं आता।

मंदाना ने एक चौंकाने वाला खुलासा भी किया था कि उन्हें भारत में लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। जब उनसे पूछा गया कि क्या इस दौरान उन्हें किसी का समर्थन मिला? तो उन्होंने निराशा के साथ जवाब दिया, नहीं, किसी का नहीं। न दोस्तों का, न सरकार का और न ही मीडिया का। इसलिए अब यहां घर जैसा महसूस नहीं होता। यह बहुत कठिन रहा है, लेकिन मैंने जो कुछ भी किया, वह ईरान और अपने लोगों के लिए किया। अगर मुझे कोई समर्थन न मिले, तब भी मैं यह सब दोबारा करूंगी।
मंदाना करीमी लंबे समय से भारतीय मनोरंजन जगत का हिस्सा रही हैं। वह आखिरी बार नेटफ्लिक्स की फिल्म ‘थार’ में नजर आई थीं। इसके अलावा वह ‘बिग बॉस’ और ‘लॉकअप’ जैसे लोकप्रिय शोज के जरिए घर-घर में मशहूर हुई थीं। उनके इस अचानक फैसले से उनके फैंस हैरान और दुखी हैं।

