- Hindi News
- बिजनेस
- लिस्टिंग होते ही इस कंपनी के शेयर में 500% की उछाल, चीन से है संबंध
लिस्टिंग होते ही इस कंपनी के शेयर में 500% की उछाल, चीन से है संबंध
जब भारतीय IPO बाज़ार में एक के बाद एक इश्यू लॉन्च हो रहे हैं, वहीं विदेशों में भी सभी IPO शेयर बाज़ार में निवेशकों को मालामाल कर रहे हैं। इसी बीच, एक IPO चर्चा में है, जो सोमवार को शंघाई स्टॉक एक्सचेंज में सूचीबद्ध हुआ, और मज़बूत शुरुआत के बाद कंपनी के शेयर की कीमत में अचानक लगभग 500% की बढ़ोतरी हो गई। इस रॉकेट जैसी तेज़ी के कारण चीनी कंपनी में निवेश करने वाले निवेशकों की संपत्ति में एक झटके में भारी बढ़ोतरी हुई है।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, चीनी चिप निर्माता कंपनी CXMT Corp ने अपने IPO के लिए 8.66 युआन का प्राइस बैंड तय किया था, और शंघाई स्टॉक एक्सचेंज में इसकी लिस्टिंग ज़बरदस्त प्रीमियम पर हुई। इतना ही नहीं, बल्कि लिस्टिंग के बाद CXMT के शेयर रॉकेट की तरह उछले और तेज़ी से बढ़ते हुए लगभग 500% की छलांग के साथ 55.02 युआन के उच्च स्तर तक पहुँच गए। अंत में रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ने के बावजूद, चिप कंपनी का शेयर 465.82% की बढ़त के साथ 49 युआन पर बंद हुआ।
चांगशिन मेमोरी टेक्नोलॉजीज़ (CXMT) की लिस्टिंग के साथ इसमें निवेश करने वालों पर मानो पैसों की बारिश हो गई। इससे अंदाज़ा लगाया जा सकता है कि चीन के सबसे बड़े मेमोरी चिप निर्माता का बाज़ार मूल्यांकन लगभग 3.3 ट्रिलियन युआन ($487 बिलियन) तक पहुँच गया है। इसके साथ ही यह मुख्य भूमि चीन की सबसे मूल्यवान सूचीबद्ध कंपनी बन गई है। खास बात यह है कि पिछले कुछ दिनों में दुनिया भर में IT कंपनियों के शेयरों में अस्थिरता देखने को मिली है, फिर भी CXMT को शानदार शुरुआत मिली है।
CXMT की स्थापना 2016 में झू यिमिंग द्वारा की गई थी और इसका मुख्यालय पूर्वी चीन के आनहुई प्रांत के हेफ़ेई में स्थित है। कंपनी डायनेमिक रैंडम-एक्सेस मेमोरी (DRAM) चिप्स का निर्माण करती है, जिनका उपयोग AI डेटा सेंटर, मोबाइल फोन, PC, टैबलेट और अन्य उपकरणों में किया जाता है। विश्लेषकों का कहना है कि स्टॉक की मांग आपूर्ति से अधिक होने के कारण यह ज़बरदस्त उछाल आया है। मज़बूत लिस्टिंग और उसके बाद शेयर की कीमत में तेज़ बढ़ोतरी के कारण यिमिंग की संपत्ति में भी भारी इज़ाफ़ा हुआ है।

