- Hindi News
- बिजनेस
- बाजार में बड़ी गिरावट, 5 लाख करोड़ डूबे; आखिर क्यों टूटा शेयर बाजार?
बाजार में बड़ी गिरावट, 5 लाख करोड़ डूबे; आखिर क्यों टूटा शेयर बाजार?
भारतीय शेयर बाजार में भारी गिरावट देखने को मिल रही है। निफ्टी 230 पॉइंट या 1% गिरकर 23,255 पर ट्रेड कर रहा है, जबकि BSE सेंसेक्स 0.87% या 637 पॉइंट गिरकर 74,265.32 पर आ चुका है। सभी सूचकांकों पर दबाव देखने को मिल रहा है, खासकर मेटल सेक्टर में भारी बिकवाली देखने को मिली है।
BSE के टॉप 30 शेयरों में से केवल 8 शेयर सामान्य तेजी के साथ ट्रेड कर रहे हैं, जबकि बाकी 22 शेयर भारी गिरावट पर हैं। बजाज फाइनेंस, महिंद्रा एंड महिंद्रा और टाटा स्टील के शेयरों में 2% से अधिक की गिरावट दर्ज की गई है। तो L&T, HDFC बैंक और रिलायंस जैसे दिग्गज शेयरों में भी कड़ाका देखने को मिल रहा है।
शेयर बाजार पर भारी दबाव के कारण निवेशकों को भारी नुकसान हुआ है। BSE का मार्केट कैपिटलाइजेशन ₹483 लाख करोड़ से ₹5 लाख करोड़ घटकर ₹478 लाख करोड़ पर आ चुका है। इसके अलावा, BSE पर लिस्टेड 120 शेयरों में आज 'लोअर सर्किट' लगा है, जबकि 70 शेयर 'अपर सर्किट' पर कारोबार कर रहे हैं। 117 शेयर 52 सप्ताह के निचले स्तर पर हैं और 68 शेयर 52 सप्ताह के ऊपरी स्तर पर हैं। कुल 3365 शेयरों में से 809 शेयर तेजी के साथ कारोबार कर रहे थे और 2376 शेयर गिरावट के साथ ट्रेड हुए थे, जबकि 180 शेयर अनचेंज थे।
शेयर बाजार में इतनी बड़ी गिरावट क्यों आई?
शेयर बाजार में भारी गिरावट का सबसे खास कारण ब्रेंट क्रूड ऑयल है, जिसकी कीमत अब वैश्विक बाजार में प्रति बैरल 108 डॉलर तक पहुंच चुकी है। अमेरिका में महंगाई के मजबूत आंकड़े आए हैं, जिससे फेडरल रिजर्व बैंक द्वारा ब्याज दरों में बढ़ोतरी की उम्मीदें और मजबूत हुई हैं।
विदेशी निवेशकों ने जोरदार बिकवाली की है। 10 सितंबर के रोज विदेशी निवेशकों ने ₹438 करोड़ के भारतीय शेयर बेचे थे; हालांकि, घरेलू निवेशकों ने ₹1026 करोड़ के शेयरों की खरीदारी की है।
हिंदुस्तान कॉपर 4% की गिरावट के साथ ₹508 पर ट्रेड कर रहे हैं। हिंदुस्तान जिंक के शेयरों में भी 4% की गिरावट हुई है, जबकि लोढ़ा डेवलपर्स के शेयरों में 5% की गिरावट दर्ज की गई है। कोचीन शिपयार्ड और गोदरेज प्रॉपर्टीज के शेयर में प्रत्येक में 6% की गिरावट हुई है और NACL के शेयर में 4% की गिरावट दर्ज की गई है। डिक्सन टेक के शेयर में 3% से अधिक की गिरावट देखने को मिली है, जबकि मुथूट फाइनेंस के शेयर में लगभग 4% की गिरावट देखने को मिल रही है।

