- Hindi News
- खेल
- RR Vs GT मैच पर बारिश का खतरा, जानिए मैच नहीं हुआ तो कौन सी टीम फाइनल में जाएगी
RR Vs GT मैच पर बारिश का खतरा, जानिए मैच नहीं हुआ तो कौन सी टीम फाइनल में जाएगी
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के प्लेऑफ मुकाबले अब अपने निर्णायक चरण में पहुंच गए हैं। सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को हराकर शानदार अंदाज में क्वालिफायर-2 में पहुंचने के बाद राजस्थान रॉयल्स की टीम अब गुजरात टाइटंस (GT) से भिड़ेगी। आज वैभव सूर्यवंशी की टीम राजस्थान रॉयल्स गुजरात टाइटंस के खिलाफ उतरेगी। दोनों टीमों के बीच यह बड़ा मुकाबला मुल्लांपुर के महाराजा यादविंद्र इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है; हालांकि, मैच से पहले मौसम ने चिंता बढ़ा दी है।
एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया था। खास तौर पर 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 29 गेंदों में 97 रन ठोककर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया था। उनकी पारी में चौकों और छक्कों की ऐसी बारिश हुई कि सनराइजर्स हैदराबाद की टीम बढ़ते दबाव से बाहर ही नहीं निकल सकी। अब राजस्थान की नजर दूसरी क्वालिफायर जीतकर फाइनल में जगह बनाने पर है।

हालांकि, मैच से पहले मौसम विभाग की रिपोर्ट ने दोनों टीमों की चिंता बढ़ा दी है, खासकर राजस्थान रॉयल्स के लिए यह बड़ी चिंता की बात है। गुरुवार को अचानक मुल्लांपुर का मौसम बदला हुआ नजर आया। रिपोर्ट्स के अनुसार, 29 मई को भारी बारिश की संभावना है। इसके साथ ही तेज हवाएं, आंधी और ओलावृष्टि की चेतावनी भी जारी की गई है। ऐसे में मैच के दौरान बाधा आने या पूरा मैच धुल जाने का खतरा बना हुआ है।
अगर बारिश की वजह से मैच पूरा नहीं हो पाता है, तो गुजरात टाइटंस को सबसे बड़ा फायदा मिलेगा। IPL 2026 प्लेऑफ नियमों के अनुसार, फाइनल को छोड़कर किसी भी प्लेऑफ मुकाबले के लिए रिजर्व डे नहीं रखा गया है। यानी अगर दूसरा क्वालिफायर बारिश के कारण धुल जाता है, तो मैच अगले दिन नहीं खेला जाएगा।

ऐसी स्थिति में लीग स्टेज के दौरान पॉइंट्स टेबल में ऊपर रहने वाली टीम को फाइनल में प्रवेश मिलेगा। गुजरात टाइटंस लीग स्टेज में 18 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही थी, जबकि राजस्थान रॉयल्स 16 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रही थी। इसी वजह से अगर मैच रद्द होता है, तो शुभमन गिल की कप्तानी वाली गुजरात टाइटंस सीधे फाइनल में पहुंच जाएगी।
यह स्थिति राजस्थान रॉयल्स के लिए बेहद मुश्किल साबित हो सकती है, क्योंकि शानदार फॉर्म में होने के बावजूद टीम बिना खेले ही टूर्नामेंट से बाहर हो सकती है। दूसरी ओर, गुजरात टाइटंस को लीग स्टेज में लगातार अच्छे प्रदर्शन का फायदा मिल सकता है।

अब सभी की नजर मुल्लांपुर के मौसम पर टिकी हुई है। फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि बारिश खेल का मजा खराब न करे और मैदान पर दोनों टीमों के बीच शानदार मुकाबला देखने को मिले। IPL 2026 का फाइनल 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाना है। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर पहले ही फाइनल में पहुंच चुकी है, जहां उसका सामना क्वालिफायर-2 की विजेता टीम से होगा।

IPL 2026 की प्लेइंग कंडीशंस में मैच रद्द होने के नियम
अगर फाइनल, एलिमिनेटर, क्वालिफायर-1 या क्वालिफायर-2 मुकाबला टाई हो जाता है या उसका कोई परिणाम नहीं निकलता, तो नीचे दिए गए नियम लागू होंगे।
16.11.1 संबंधित टीमें सुपर ओवर खेलेंगी, और यदि आवश्यक हुआ तो आगे भी सुपर ओवर खेले जाएंगे ताकि मैच का विजेता तय किया जा सके।
16.11.2 अगर परिस्थितियां सुपर ओवर या उसके बाद के सुपर ओवर की अनुमति नहीं देती हैं (परिशिष्ट F के अनुसार), तो नियमित सीजन के अंत में लीग टेबल में ऊपर रहने वाली टीम (धारा 16.10 के अनुसार) को संबंधित प्लेऑफ मुकाबले का विजेता माना जाएगा।

