- Hindi News
- राष्ट्रीय
- समय से पहले दस्तक देगा मानसून! IMD ने दी लंबी बारिश रुकने की चेतावनी, जानें क्यों बढ़ेगी चिंता?
समय से पहले दस्तक देगा मानसून! IMD ने दी लंबी बारिश रुकने की चेतावनी, जानें क्यों बढ़ेगी चिंता?
इस बार मानसून भारत में तय समय से पहले दस्तक दे सकता है, लेकिन इसके साथ एक बड़ी चिंता भी सामने आई है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून ने भारत की ओर तेजी से बढ़ना शुरू कर दिया है। फिलहाल मानसून अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के दक्षिणी छोर इंदिरा पॉइंट से लेकर उत्तरी हिस्से लैंड फॉल तक पहुंच चुका है। इसके चलते उम्मीद जताई जा रही है कि इस बार मानसून सामान्य तारीख से पहले देश में एंट्री करेगा।
आमतौर पर केरल में मानसून 1 जून के आसपास पहुंचता है, लेकिन मौसम विभाग का अनुमान है कि इस बार मानसून 28 से 5 मई के बीच ही केरल पहुंच सकता है। यानी लोगों को गर्मी से राहत जल्दी मिल सकती है। हालांकि राहत के साथ एक नई परेशानी भी देखने को मिल सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस बार मानसून की रफ्तार शुरुआत में तेज रहेगी, लेकिन बीच-बीच में लंबे ब्रेक देखने को मिल सकते हैं। इसका मतलब यह है कि कुछ दिनों तक अच्छी बारिश होगी और फिर लंबे समय तक बारिश रुक सकती है। यही वजह है कि जो मानसून आमतौर पर पूरे देश को करीब 35 दिनों में कवर कर लेता है, उसे इस बार लगभग 70 दिन लग सकते हैं।

विशेषज्ञों के मुताबिक मानसून में आने वाले ये लंबे ब्रेक खेती और जल संकट दोनों पर असर डाल सकते हैं। किसानों के लिए समय पर बारिश बेहद जरूरी होती है, लेकिन अगर बारिश रुक-रुक कर हुई तो फसलों की बुवाई और उत्पादन प्रभावित हो सकता है। वहीं कई राज्यों में पानी की समस्या भी बढ़ सकती है।
इस बीच मौसम विभाग ने गुजरात के लोगों के लिए राहत भरी खबर भी दी है। विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में गुजरात के तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखने को मिल सकती है। लगातार पड़ रही भीषण गर्मी और हीटवेव से परेशान लोगों को इससे थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। अब सभी की नजरें मानसून की अगली चाल पर टिकी हैं, क्योंकि जल्दी आने वाला मानसून इस बार अपने साथ राहत के साथ कई चुनौतियां भी लेकर आ सकता है।

