- Hindi News
- बिजनेस
- ICICI बैंक में सोना गिरवी रखकर 23 करोड़ का लोन दे दिया गया, 2 साल बाद पता चला सोना तो नकली है
ICICI बैंक में सोना गिरवी रखकर 23 करोड़ का लोन दे दिया गया, 2 साल बाद पता चला सोना तो नकली है
महाराष्ट्र के नागपुर में 23 करोड़ रुपये का गोल्ड लोन घोटाला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि ICICI बैंक की विभिन्न शाखाओं में नकली सोने के आभूषणों को असली बताकर गिरवी रखा गया था और बैंक से लगभग 23 करोड़ का लोन लिया गया था। इस मामले में बैंक द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर धंतोली पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।
इस पूरी धोखाधड़ी को जनवरी 2023 से अक्टूबर 2025 के बीच अंजाम दिया गया था। बैंक ने जब अपने ‘गोल्ड लोन’ पोर्टफोलियो का आंतरिक ऑडिट कराया, तब इस धोखाधड़ी का पर्दाफाश हुआ। ऑडिट के दौरान पता चला कि 9 अलग-अलग बैंक शाखाओं में गिरवी रखे गए आभूषण वास्तव में सोने के नहीं, बल्कि नकली हैं। रिपोर्ट के अनुसार, कुल 195 खाताधारकों ने धोखाधड़ी करके यह लोन लिया है।
बैंक की आधिकारिक शिकायत के बाद धंतोली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या बैंक के अंदर के कर्मचारी या अधिकारी इस सिंडिकेट का हिस्सा थे, क्योंकि सोने की शुद्धता जांचने के लिए जिम्मेदार वैल्यूअर्स की मंजूरी के बिना इतनी बड़ी लोन प्राप्त करना असंभव है। फिलहाल, पुलिस सभी 195 संदिग्ध खाताधारकों और संबंधित वैल्यूअर्स की सूची तैयार कर रही है, ताकि जांच आगे बढ़ सके।
नागपुर पुलिस के अनुसार, ICICI बैंक के ज़ोनल ऑफिस के कर्मचारी धनंजय रमेश ठीटे की शिकायत के आधार पर धंतोली पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है। बैंक द्वारा कराए गए गोल्ड लोन ऑडिट में सामने आया है कि मणिभवन शाखा सहित कुल 9 अलग-अलग शाखाओं में गिरवी रखा गया सोना नकली है।
ऐसा आरोप है कि जनवरी 2023 से अक्टूबर 2025 के दौरान, 159 खाताधारकों ने बैंक के वैल्यूअर्स और ऑडिटर्स के साथ मिलकर इस साजिश को अंजाम दिया। नकली आभूषणों को असली बताकर, बैंक से लगभग ₹23,19,64,751 का लोन प्राप्त किया गया था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 406, 409, 420, 468, 120(B), और 34 के तहत मामला दर्ज किया है और जांच शुरू कर दी है।

