- Hindi News
- खेल
- पीसीबी ने नसीम शाह पर 2 करोड़ रुपये का जुर्माना क्यों लगाया? पोस्ट से मच गया था हड़कंप
पीसीबी ने नसीम शाह पर 2 करोड़ रुपये का जुर्माना क्यों लगाया? पोस्ट से मच गया था हड़कंप
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने तेज गेंदबाज नसीम शाह पर 20 मिलियन पाकिस्तानी रुपये का जुर्माना लगाया है। नसीम शाह द्वारा एक विवादास्पद सोशल मीडिया पोस्ट किए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई है, जिसमें उन्होंने पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के उद्घाटन मैच में एक राजनीतिक नेता की मौजूदगी पर सवाल उठाए थे। दरअसल, यह विवाद लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में शुरू हुआ था, जहां पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज़ PSL का पहला मैच देखने के लिए राज्य अतिथि के रूप में पहुंची थीं।
मैच से पहले, मरियम नवाज़ का सभी आठ फ्रेंचाइज़ी और उनके खिलाड़ियों के साथ परिचय कराया गया था। यह मैच डिफेंडिंग चैंपियन लाहौर कलंदर्स और नई टीम हैदराबाद किंग्समेन के बीच खेला गया था।
नसीम शाह ने क्या पोस्ट किया था
इस दौरान, नसीम शाहने 'X' (पहले ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा कि, ‘उनके (मरियम नवाज़) साथ लॉर्ड्स की रानी जैसा व्यवहार क्यों किया जा रहा है?’ इस टिप्पणी को मरियम नवाज़ के सम्मान को लेकर आलोचना के रूप में देखा गया था। हालांकि, बाद में तुरंत ही पोस्ट डिलीट कर दी गई थी, और नसीम शाह ने दावा किया था कि उनका अकाउंट हैक हो गया था।
इस स्पष्टीकरण के बावजूद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने तत्काल कार्रवाई की और उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया। बोर्ड ने कहा कि नसीम ने अपने सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट की शर्तों, साथ ही मीडिया नीति और आचार संहिता का उल्लंघन किया है। 21 वर्षीय गेंदबाज ने बिना शर्त माफी मांगी और सोमवार को लाहौर में 3 सदस्यीय अनुशासन समिति के सामने पेश हुए।
PCB ने आधिकारिक बयान में कहा था कि नसीम शाह ने अपने सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट की कई धाराओं का उल्लंघन किया है।’ बोर्ड ने यह भी कहा कि खिलाड़ी ने अपने सोशल मीडिया सलाहकार को हटा दिया है। साथ ही, उस सलाहकार को अब PCB के अधिकार क्षेत्र में आने वाले किसी भी क्रिकेटर के साथ काम करने से ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है।
यह विवाद ऐसे समय सामने आया है जब पाकिस्तान में क्रिकेट पहले से ही चुनौतीपूर्ण दौर से गुजर रहा है। फिलहाल चल रही PSL की सीजन दर्शकों की अनुपस्थिति में खेली जा रही है। ईरान संघर्ष के क्षेत्रीय प्रभाव, बढ़ते ईंधन के दाम और सरकार की यात्रा संबंधी सलाह के कारण अधिकारियों ने लोगों को घर से काम करने और अपनी यात्रा सीमित करने की सलाह दी है। इसी वजह से, पहले 6 शहरों में आयोजित होने वाली यह टूर्नामेंट अब केवल लाहौर और कराची तक सीमित रह गई है।

