- Hindi News
- राष्ट्रीय
- घूमना जरूरी है पर सुरक्षा सबसे पहले…अब दुबई-तुर्की नहीं, थाईलैंड बन रहा पसंदीदा डेस्टिनेशन; युद्ध से...
घूमना जरूरी है पर सुरक्षा सबसे पहले…अब दुबई-तुर्की नहीं, थाईलैंड बन रहा पसंदीदा डेस्टिनेशन; युद्ध से समर वैकेशन टूर भी होगा महंगा
भारत में हिमाचल, सिक्किम, दार्जिलिंग और कश्मीर का बढ़ा क्रेज
इस बार गर्मी की छुट्टियों में घूमने का प्लान बना रहे गुजरात के लोगों की पसंद में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। इजराइल और अमेरिका की ओर से ईरान के खिलाफ जारी युद्ध का असर अब पर्यटन क्षेत्र पर भी साफ दिखाई देने लगा है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पर्यटक अब दुबई और तुर्की जैसे नजदीकी देशों की बजाय थाईलैंड, सिंगापुर, मलेशिया, मालदीव, वियतनाम, कंबोडिया और लाओस जैसे विकल्पों को चुन रहे हैं। ट्रैवल एजेंसियों के अनुसार, इस बार दुबई का बड़ा ट्रैफिक थाईलैंड की ओर मुड़ गया है।
बता दें कि गर्मी की छुट्टियों में हर साल बड़ी संख्या में परिवार विदेश और देश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों पर जाते हैं। लेकिन इस बार अंतरराष्ट्रीय हालात को देखते हुए यात्रियों ने सुरक्षित स्थानों को प्राथमिकता दी है। यूरोप यात्रा को लेकर भी लोगों के मन में संकोच बना हुआ है, हालांकि वहां जाने के इच्छुक लोग अप्रैल और मई के लिए प्लानिंग कर रहे हैं।
भारत में सिक्किम, जम्मू-कश्मीर, दार्जिलिंग घूमने के लिए बनी पसंदीदा जगह
घरेलू पर्यटन की बात करें तो इस बार उत्तर और नॉर्थ ईस्ट के पहाड़ी इलाकों की मांग सबसे ज्यादा रहने वाली है। हिमाचल प्रदेश, सिक्किम, जम्मू-कश्मीर, दार्जिलिंग, लेह-लद्दाख, भूटान और नेपाल इस सीजन में पर्यटकों की पहली पसंद बनकर उभरे हैं। ठंडा मौसम, प्राकृतिक सुंदरता और पारिवारिक यात्रा के लिए बेहतर माहौल के कारण इन जगहों की बुकिंग तेजी से बढ़ रही है।
समर वैकेशन में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों टूर की मांग
कई टूर एंड ट्रैवल्स कंपनी ने बताया कि इस बार समर वेकेशन में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों टूर की मांग है, लेकिन लोगों की पसंद में बदलाव साफ दिख रहा है। उन्होंने कहा कि डोमेस्टिक सेक्टर में नॉर्थ ईस्ट और पहाड़ी राज्य सबसे ज्यादा पसंद किए जा रहे हैं। खासकर परिवार और युवाओं में हिमाचल, सिक्किम और कश्मीर को लेकर उत्साह अधिक है।
सुरक्षित देशों को बेहतर विकल्प मान रहे लोग
उन्होंने बताया कि ईरान के आसपास स्थित देशों की यात्रा को लोग फिलहाल टाल रहे हैं। दुबई और तुर्की जैसे स्थान, जो पहले गुजराती पर्यटकों की पसंद में सबसे ऊपर रहते थे, इस बार उतने आकर्षक नहीं रहे। मौजूदा युद्ध के कारण लोग सुरक्षित दिशा में स्थित देशों को बेहतर विकल्प मान रहे हैं।
दुबई की बजाय थाईलैंड के बारे में पूछताछ ज्यादा
अंतरराष्ट्रीय टूर में इस बार थाईलैंड सबसे बड़ा विकल्प बनकर सामने आया है। ट्रैवल एजेंसियों का कहना है कि जो लोग पहले दुबई का पैकेज पूछते थे, वे अब थाईलैंड और सिंगापुर के पैकेज में ज्यादा रुचि दिखा रहे हैं। इसके अलावा मलेशिया, मालदीव, वियतनाम, कंबोडिया और लाओस जैसे देशों के लिए भी पूछताछ बढ़ी है। इन देशों को इसलिए चुना जा रहा है क्योंकि ये ईरान के विपरीत दिशा में हैं और यात्रियों को यहां जाना ज्यादा सुरक्षित लग रहा है। साथ ही इन स्थानों पर घूमने, शॉपिंग और फैमिली वेकेशन के बेहतर विकल्प भी उपलब्ध हैं।
यूरोप की यात्रा को लेकर थोड़ा सावधानी बरते रहे लोग
यूरोप यात्रा को लेकर भी लोग पूरी तरह पीछे नहीं हटे हैं, लेकिन फ्लाइट शेड्यूल में बदलाव की आशंका के कारण कई परिवार अभी इंतजार की स्थिति में हैं। ट्रैवल एजेंसियां यात्रियों को स्थिति के अनुसार सलाह दे रही हैं। फिलहाल वहां यात्रा को सुरक्षित माना जा रहा है, लेकिन लोग सतर्कता बरत रहे हैं।
यात्रियों के बजट पर भी असर पड़ने वाला है
युद्ध की वजह से इस बार यात्रियों के बजट पर भी असर पड़ने वाला है। फ्यूल की कीमतों में बढ़ोतरी और डॉलर के मुकाबले रुपए के कमजोर होने से विदेश यात्रा महंगी हो गई है। इसका सीधा असर फ्लाइट किराए और टूर पैकेज पर पड़ा है। ट्रैवल कारोबारियों के अनुसार, इस सीजन में टूर पैकेज की कीमतों में 10 से 15 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी होगी। इसका असर खासकर 3 स्टार और फैमिली पैकेज पर ज्यादा दिखाई देगा। कई गुजराती परिवार इस बार समर वेकेशन के लिए 3 लाख रुपए तक खर्च करने को तैयार हैं।
इस बार सबसे ज्यादा पसंद किए जा रहे डेस्टिनेशन
घरेलू: हिमाचल, सिक्किम, जम्मू-कश्मीर, दार्जिलिंग, लेह-लद्दाख
अंतरराष्ट्रीय: थाईलैंड, सिंगापुर, मलेशिया, मालदीव
पैकेज: 10% से 15% तक बढ़ोतरी संभव
3 स्टार फैमिली पैकेज: 3 लाख रुपए तक खर्च करने को तैयार

