- Hindi News
- खेल
- पाकिस्तान का नया ड्रामा: T20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ मैच का करेगा बहिष्कार, लेकिन...
पाकिस्तान का नया ड्रामा: T20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ मैच का करेगा बहिष्कार, लेकिन...
अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने बांग्लादेश को T20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर कर दिया है। बांग्लादेश की टीम ने ICC पुरुष T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारत जाने से इनकार कर दिया था और मांग की थी कि उसके मैच श्रीलंका स्थानांतरित किए जाएं। ICC ने बांग्लादेश की इस मांग को स्वीकार नहीं किया और 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया। बांग्लादेशी बोर्ड की ओर से कोई जवाब न मिलने पर ICC ने कड़ी कार्रवाई की और स्कॉटलैंड को रिप्लेसमेंट टीम के रूप में T20 वर्ल्ड कप के लिए चुन लिया।
बांग्लादेश के बाहर होने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) काफी नाराज है। PCB ने पहले बड़बोलापन दिखाया था कि वह इस टूर्नामेंट का बहिष्कार करेगा। इस पर ICC ने चेतावनी दी थी कि यदि वह ऐसा कदम उठाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ICC की कार्रवाई के डर से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने चुपचाप T20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी टीम की घोषणा कर दी।
हालांकि, पाकिस्तान का नाटक अभी खत्म नहीं हुआ है। 'जियो सुपर' की रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान T20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ ग्रुप मैच का बहिष्कार करने पर गंभीरता से विचार कर रहा है। यह मैच 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाना है। पाकिस्तान इसके जरिए ICC के उस फैसले का विरोध करना चाहता है, जिसमें बांग्लादेश को वर्ल्ड कप से बाहर कर स्कॉटलैंड की एंट्री कराई गई।
सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड विरोध के कई विकल्पों पर विचार कर रहा है, और टीम टूर्नामेंट में हिस्सा ले सकती है लेकिन भारत के खिलाफ मैच छोड़ सकती है। अगर पाकिस्तान भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलता है, तो उसे केवल दो अंकों का नुकसान होगा, लेकिन ICC को भारी वित्तीय नुकसान हो सकता है। PCB के अध्यक्ष मोहसिन नकवी टीम के साथ मुलाकात कर रणनीति और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा करेंगे। नकवी ने कहा कि केंद्र सरकार के साथ परामर्श के बाद ही अंतिम फैसला लिया जाएगा।
मोहसिन नकवी ने कहा कि प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से सलाह मशविरे के बाद अंतिम फैसले की घोषणा की जाएगी। नकवी ने ICC की आलोचना करते हुए कहा, 'बांग्लादेश के साथ अन्याय हुआ है और इसे "दोहरा मानदंड" माना जाना चाहिए। मैंने इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल की बोर्ड मीटिंग में भी यही बात कही थी।' नकवी ने ICC के फैसले में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के प्रभाव पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, 'पाकिस्तान की तरह बांग्लादेश भी ICC का सदस्य है। एक देश दूसरे देश को आदेश नहीं दे सकता। अगर ऐसा किया गया, तो पाकिस्तान अपना रुख स्पष्ट करेगा।'
इस बीच, उम्मीद है कि मोहसिन नकवी एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में T20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान की भागीदारी को लेकर बड़ी घोषणा कर सकते हैं। सोमवार को इस्लामाबाद में नकवी और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस बैठक में नकवी ने ICC पर 'दोहरा मानदंड' अपनाने का आरोप लगाया और पाकिस्तानी प्रधानमंत्री को पूरे मामले की जानकारी दी।
सूत्रों के अनुसार, मोहसिन नकवी ने बैठक में बताया कि ICC ने भारत को 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान पाकिस्तान में खेलने से इनकार करने के बावजूद वैकल्पिक स्थान (हाइब्रिड मॉडल) प्रदान किया था, जबकि बांग्लादेश को भारत में खेलने को लेकर सुरक्षा चिंताओं के कारण टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया और उसके स्थान पर स्कॉटलैंड को शामिल कर लिया गया।
निर्धारित शेड्यूल के मुताबिक, पाकिस्तान ICC पुरुष T20 वर्ल्ड कप 2026 में अपना अभियान 7 फरवरी को कोलंबो में नीदरलैंड्स के खिलाफ शुरू करेगा। इसके बाद टीम 10 फरवरी को अमेरिका, 15 फरवरी को भारत और 18 फरवरी को नामीबिया से भिड़ेगी। सुपर 8 चरण के मैच 21 फरवरी से 1 मार्च के बीच खेले जाएंगे, जबकि सेमीफाइनल 3 और 5 मार्च को होंगे। फाइनल 8 मार्च को अहमदाबाद या कोलंबो में खेला जाएगा।
T20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तानी टीम का नेतृत्व **सलमान अली आगा** करेंगे। खराब फॉर्म से जूझ रहे बाबर आजम भी टीम का हिस्सा हैं। हारिस रऊफ और मोहम्मद रिजवान जैसे अनुभवी खिलाड़ी टीम से नदारद हैं। शादाब खान, ख्वाजा नफाय और उस्मान तारिक को शामिल किया गया है। पाकिस्तानी टीम अपने सभी वर्ल्ड कप ग्रुप मैच कोलंबो में खेलेगी।
**T20 वर्ल्ड कप के लिए पाकिस्तान की टीम:**
सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमान, ख्वाजा नफाय (विकेटकीपर), मोहम्मद नवाज, मोहम्मद सलमान मिर्जा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान (विकेटकीपर), सैम अयूब, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान (विकेटकीपर) और उस्मान तारिक।
T20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के ग्रुप मैच
- 7 फरवरी: बनाम नीदरलैंड (SSC, कोलंबो)
- 10 फरवरी: बनाम USA (SSC, कोलंबो)
- 15 फरवरी: बनाम भारत (आर. प्रेमदासा, कोलंबो)
- 18 फरवरी: बनाम नामीबिया (SSC, कोलंबो)

