- Hindi News
- राजनीति
- NEET पेपर लीक मामले पर देशभर में प्रदर्शन, बिहार बंद के दौरान कई जिलों में हिंसा; पुलिस-छात्रों में
NEET पेपर लीक मामले पर देशभर में प्रदर्शन, बिहार बंद के दौरान कई जिलों में हिंसा; पुलिस-छात्रों में झड़प
NEET पेपर लीक मामले को लेकर में देशभर में प्रदर्शन जारी हैं। इसी क्रम में बिहार में आज विभिन्न छात्र संगठनों और विपक्षी दलों के समर्थन से बिहार बंद का आह्वान किया गया। बंद के दौरान कई जिलों में प्रदर्शन उग्र हो गया और पुलिस व प्रदर्शनकारियों के बीच हिंसक झड़पें देखने को मिलीं।
राजधानी पटना में भी बड़ी संख्या में छात्र और विपक्षी नेता प्रदर्शन में शामिल हुए। इस दौरान राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजप्रताप यादव भी प्रदर्शन में पहुंचे, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया। उनकी हिरासत के बाद प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तनाव और बढ़ गया।
जानकारी के अनुसार, पटना, सीवान समेत कई राज्यों में प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने पुलिस पर पथराव किया। सीवान में स्थिति सबसे अधिक तनावपूर्ण रही, जहां पथराव में जिले के पुलिस अधीक्षक (SP) घायल हो गए। हालात बिगड़ने के बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और करीब 10 राउंड फायरिंग की। इसके बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
छपरा में प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया। यहां प्रदर्शनकारियों ने एक पुलिस वैन में आग लगा दी, जिससे वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात पर काबू पाने की कोशिश की और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।
सीतामढ़ी में भी प्रदर्शन के दौरान पथराव हुआ, जिसमें एक महिला सब-इंस्पेक्टर (SI) समेत कुल 12 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। बिहार के कई शहरों में बंद का असर बाजारों, सड़क यातायात और जनजीवन पर भी देखने को मिला। कई स्थानों पर सड़क जाम और प्रदर्शन के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
गौरतलब है कि NEET पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों में लगातार नाराजगी बनी हुई है। प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे, मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं, प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और किसी भी तरह की हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

