- Hindi News
- आयुष्मान खुराना की फिल्म 'उड़ता तीर' की रिलीज पर नेपाल सरकार ने क्यों लगाई रोक?
आयुष्मान खुराना की फिल्म 'उड़ता तीर' की रिलीज पर नेपाल सरकार ने क्यों लगाई रोक?
आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की आगामी फिल्म 'उड़ता तीर' ट्रेलर रिलीज होने के बाद से ही चर्चा में है। फैंस को फिल्म का ट्रेलर काफी पसंद आया है। यह फिल्म 23 अक्टूबर को भारत समेत कई देशों में रिलीज होने वाली है। हालांकि, अब खबर आई है कि 'उड़ता तीर' भारत के पड़ोसी देश नेपाल में रिलीज नहीं होगी। नेपाल सरकार ने फिल्म को रिलीज करने की अनुमति देने से इनकार कर दिया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नेपाल सरकार के संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सेक्शन ऑफिसर विशाल भंडारी ने एक पत्र के जरिए फिल्म के निर्माताओं को इसकी जानकारी दी है। पत्र में बताया गया है कि फिल्म 'उड़ता तीर' को नेपाल में रिलीज करने की अनुमति नहीं दी गई है। इसकी वजह यह बताई गई है कि फिल्म 'फिल्म (निर्माण, प्रदर्शन और वितरण) अधिनियम, 2026 बी.एस.' की धारा 5(3) के तहत प्रतिबंधित सामग्री की श्रेणी में आती है।
नेपाली विक्रम संवत कैलेंडर के मुताबिक, नेपाल सरकार ने अश्विन 30, 2083 यानी 16 अक्टूबर, 2026 को यह पत्र जारी कर फिल्म की रिलीज की अनुमति देने से इनकार किया था।
'उड़ता तीर' का निर्देशन आकाश ए. कौशिक ने किया है। फिल्म का निर्माण करण जौहर, अदार पूनावाला और अपूर्व मेहता ने धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले किया है। वहीं, सिख्या एंटरटेनमेंट के गुनीत मोंगा और अचिन जैन इसके सह-निर्माता हैं। फिल्म में आयुष्मान खुराना और सारा अली खान के साथ दिवंगत अभिनेता मुकुल देव भी नजर आएंगे।
निर्माताओं ने अब तक फिल्म के दो ट्रेलर रिलीज किए हैं और दोनों को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। करीब तीन हफ्ते पहले रिलीज हुए पहले ट्रेलर को 3.9 करोड़ से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं। वहीं, पिछले हफ्ते रिलीज हुए दूसरे ट्रेलर को छह दिनों में 2.5 करोड़ से ज्यादा बार देखा जा चुका है।
क्या है 'उड़ता तीर' की कहानी?
'उड़ता तीर' एक पाकिस्तानी जासूस की कहानी है, जो जासूसी करने के लिए भारत आता है, लेकिन अपनी याददाश्त खो बैठता है। इसके बाद वह खुद को भारत का देशभक्त नागरिक समझने लगता है और सीमा पार से रची जा रही साजिशों और आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई करने लगता है। इस दौरान कई ऐसी घटनाएं होती हैं, जो फिल्म में हास्य का तड़का लगाती हैं।

